पटना : आतंकियों ने बना रखा था आत्मघाती दस्ता, पूछताछ में किये कई अहम खुलासे, कई संदिग्ध बांग्लादेशी एनआइए के रडार पर

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 30 Mar 2019 9:44 AM

विज्ञापन

पटना : सोमवार को पटना जंकशन से गिरफ्तार दो बांग्लादेशी आतंकवादियों को पुलिस रिमांड पर पूछताछ के बाद शुक्रवार को शचि मिश्रा की अदालत में पेश किया गया. वहीं, पुणे में गिरफ्तार तीसरे आतंकी शरीयत मंडल को भी ट्रांजिट रिमांड पर अदालत में पेशी हुई. अदालत में एटीएस ने 15 दिनों की पुलिस रिमांड पर […]

विज्ञापन
पटना : सोमवार को पटना जंकशन से गिरफ्तार दो बांग्लादेशी आतंकवादियों को पुलिस रिमांड पर पूछताछ के बाद शुक्रवार को शचि मिश्रा की अदालत में पेश किया गया. वहीं, पुणे में गिरफ्तार तीसरे आतंकी शरीयत मंडल को भी ट्रांजिट रिमांड पर अदालत में पेशी हुई. अदालत में एटीएस ने 15 दिनों की पुलिस रिमांड पर पूछताछ के लिए आवेदन दिया. पूछताछ के क्रम में ज्ञात हुआ कि आतंकवादियों का सरगना बांग्लादेश में बैठा अबू दूजा है. तीनों आतंकवादी पहले जेएमवी संगठन से जुड़े हुए थे, जो बाद में आइएसआइएस के लिए काम करने लगे. तीनों आतंकवादियों ने पूरे भारत में आतंकवादी दस्ता का निर्माण कर एक साथ विस्फोट करने की मंशा रखी थी.
पूछताछ के क्रम में यह पता चला कि धर्म को लेकर जेहाद पर उतरे आतंकवादियों ने पश्चिम बंगाल, केरल, त्रिवेंद्रम, महाराष्ट्र, पंजाब, जम्मू कश्मीर व बिहार के गया जिले में आत्मघाती दस्ते का संगठन तैयार कर लिया है. खैरूल मंडल की निशानदेही पर ही पूणे से शरीयत मंडल को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से आपत्तिजनक कागजात, दो मोबाइल व एक माइक्रो एसडी कार्ड बरामद हुआ है.
एटीएस ने तीनों आतंकवादियों व अन्य के खिलाफ भादवि की धारा 420, 467, 468, 471, 120बी व 16, 17, 18, 19, 20, 28, 32, 35 यूपी एक्ट में मामला दर्ज कर अनुसंधान कर रही है. तीनों आतंकवादी बांग्लादेश में वर्ष 2017 में विस्फोट कर वहां से फरार चल रहे हैं.
गोपालगंज के तीन युवकों को उठाया
गोपालगंज : भोरे के तीन युवकों को सुरक्षा एजेंसियों ने मीरगंज के मरछिया चौक से उठाया. कुछ देर के लिए लोगों को युवकों के अपहरण होने की आशंका हुई. परिजन थोड़ी देर बाद आकर स्कॉर्पियो ले गये, जबकि पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है. एसपी राशिद जमां ने इस मामले में अनभिज्ञता जतायी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मीरगंज के मरछिया चौक पर स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोग इंतजार कर रहे थे. जैसे ही गोपालगंज की ओर से युवकों की स्कॉर्पियो पहुंची कि उसमें से तीन युवकों को उठाकर लेकर चले गये. जानकार बताते है कि इनमें भोरे उत्तर टोले के गोविंदा तथा गोलू व इमिलिया गांव के गोविंदा शामिल हैं.
दस दिनों की पुलिस रिमांड की मिली अनुमति
शचि मिश्रा की अदालत ने पटना जंक्शन से गिरफ्तार दो बांग्लादेशी आतंकियों अबू सुल्तान और खैरूल मंडल को पुन: दस दिनों की पुलिस रिमांड पर पूछताछ की अनुमति दे दी है.
वहीं, पुणे में गिरफ्तार तीसरे आतंकी शरीयत मंडल के पुलिस रिमांड संबंधित आवेदन शनिवार को सुनवाई की जायेगी. गौरतलब हो कि इसके पूर्व खैरूल मंडल व अबू सुल्तान को दो दिनों की पुलिस रिमांड पर दिया गया था. पूछताछ के बाद एटीएस ने शचि मिश्रा की अदालत में पेश करते हुए तीनों को पुन: पंद्रह दिनों के लिए रिमांड पर लेने की अनुमति मांगी थी.
कई संदिग्ध बांग्लादेशी एनआइए के रडार पर
मुजफ्फरपुर : संदिग्ध बांग्लादेशी आतंकियों के उत्तर बिहार के जिलों में छिपे होने की सूचना एनआइए टीम को मिली है. संदिग्ध आतंकियों के ठिकाने एनआइए के रडार पर हैं. पीएम मोदी की चुनावी रैलियों को निशाना बनाने की साजिश रचने वाले आतंकियों के पटना व पुणे से पकड़े जाने के बाद इसका खुलासा हुआ है. गिरफ्तार आतंकी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमीयत-उल-मुजाहिद्दीन और इस्लामिक स्टेट बांग्लादेश के सक्रिय सदस्य होने के भी प्रमाण मिले हैं.
एनआइए टीम की पूछताछ में गिरफ्तार आतंकियों ने उत्तर बिहार में संगठन से जुड़े कई आतंकी के छिपे होने की जानकारी दी है. आतंकियों के पास से बरामद मोबाइल से भी उत्तर बिहार के कई जिलों के लोगों से बातचीत के प्रमाण मिले हैं. कुछ दिन पूर्व पटना में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमीयत-उल-मुजाहिद्दीन व इस्लामिक स्टेट बांग्लादेश के सक्रिय सदस्य खैर उल मंडल और अबू सुल्तान की गिरफ्तारी हुई थी. दोनों से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ. दोनों की निशानदेही पर एनआइए की टीम पुणे से आतंकवादी शरियत मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया.
इन जिलों में आतंकियों की तलाश कर सकती है पुलिस : मुजफ्फरपुर, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा व मधुबनी में आतंकियों के छिपे होने की बात सामने आयी है. आतंकियों के पास से बरामद मोबाइल के कॉल डिटेल और टावर लोकेशन से भी इसकी पुष्टि होने की बात सामने आ रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन