पटना के बुजुर्ग दंपती की हत्या का मामला : DSP लॉ एंड ऑर्डर का दावा- आज शाम तक हो जायेगा मामले का खुलासा

Updated at : 07 Sep 2018 8:36 AM (IST)
विज्ञापन
पटना के बुजुर्ग दंपती की हत्या का मामला : DSP लॉ एंड ऑर्डर का दावा- आज शाम तक हो जायेगा मामले का खुलासा

पटना : बुद्धा कॉलोनी थाने के दूजरा में मुर्गी फॉर्म गली (मोदन गली) में रहनेवाले लघु सिंचाई विभाग के चीफ कमिश्नर बुजुर्ग हरेंद्र प्रसाद सिंह (88) व उनकी दूसरी पत्नी स्वप्न दास गुप्ता (70) की हत्या मामले में पुलिस ने उनके ही करीबियों का हाथ होने की आशंका जतायी है. घटना स्थिति और समय को […]

विज्ञापन

पटना : बुद्धा कॉलोनी थाने के दूजरा में मुर्गी फॉर्म गली (मोदन गली) में रहनेवाले लघु सिंचाई विभाग के चीफ कमिश्नर बुजुर्ग हरेंद्र प्रसाद सिंह (88) व उनकी दूसरी पत्नी स्वप्न दास गुप्ता (70) की हत्या मामले में पुलिस ने उनके ही करीबियों का हाथ होने की आशंका जतायी है. घटना स्थिति और समय को देखते हुए पुलिस का मानना है कि प्रथम द्रष्टया प्रतीत हो रहा है कि घटना में किसी करीबी का ही हाथ है. हालांकि, पुलिस ने घटनास्थल से कई लोगों के फिंगर प्रिंट लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. वहीं, संदेह के आधार पर सात लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है. वहीं, पटना के डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर ने दावा किया है कि मामले का खुलासा शुक्रवार की शाम तक हो जायेगा.
क्या है मामला
बुद्धा कॉलोनी थाने के दूजरा में मुर्गी फॉर्म गली (मोदन गली) में रहनेवाले लघु सिंचाई विभाग के चीफ कमिश्नर बुजुर्ग हरेंद्र प्रसाद सिंह (88) व उनकी दूसरी पत्नी स्वप्न दास गुप्ता (70) की अपराधियों ने हत्या कर दी. दोनों का शव मकान के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित उनके ड्राइंग हॉल में पाया गया. दोनों ही फर्श पर एक साथ ही पड़े हुए थे. दोनों के सिर पर गहरी चोट थी और गले में भी निशान थे. जिसके कारण प्रथम दृष्टया गला दबा कर हत्या किये जाने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, जांच में फिलहाल ऐसा कुछ नहीं मिला है, जिससे यह कहा जा सके कि वहां लूट की भी घटना हुई है. सारे सामान यथावत हैं. दोनों का शव फर्श पर एक साथ पड़ा हुआ पाया गया.

घटना की जानकारी मिलने पर एसएसपी मनु महाराज, सिटी एसपी मध्य अमरकेश डी के साथ ही बुद्धा कॉलोनी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. एसएसपी खुद पूरे मामले की जांच कर रहे थे. एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि शव कमरे में मिला है. उनके सिर पर चोट है और गले में निशान है. इस कारण गला दबा कर हत्या किये जाने की आशंका जतायी जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सारी बातें सामने आ जायेगी. उन्होंने बताया कि घर में आने का एक ही रास्ता है. इस कारण प्रतीत होता है कि कोई बाहर से नहीं आया है. क्योंकि, उसके भागने का कोई दूसरा रास्ता नहीं है. उन्होंने बताया कि घरवालों से पूछताछ की गयी है, लेकिन फिलहाल कोई कुछ नहीं बता पा रहा है.

नौकरानी को मिली जानकारी और फिर ले जाया गया अस्पताल

हरेंद्र प्रसाद सिंह का काफी बड़ा घर है और उसमें 54 किरायेदार रहते हैं. वे खुद पत्नी के साथ फर्स्ट फ्लोर पर रहा करते थे. उनके आवास के कंपाउंड में ही केयर टेकर शोयब, उसकी पत्नी गुलशन आरा, बेटा गुलफाम और गीता देवी रह कर उनका काम करती है. शोएब पूरे मकान को देखता है और उनकी पत्नी गुलशन आरा के साथ ही एक अन्य महिला गीता देवी खाना बनाती है.

गुलशन आरा और गीता देवी को हरेंद्र प्रसाद की पत्नी स्वप्न दास गुप्ता ने गुरुवार को दिन में तीज का सामान लाने के लिए पैसा दिया. वे दोनों ले आयी और प्रतिदिन की तरह नौ बजे रात में वहां खाना बनाने के लिए गयी. लेकिन, बाहर के कमरे में कोई नहीं था. दोनों ने काफी आवाज लगायी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो फिर नीचे के किरायेदार को वे लोग बुला कर लायी. इसके बाद सभी ड्राइंग हॉल में गये, तो दोनों पति-पत्नी फर्श पर गिरे हुए थे. दोनों के सिर पर चोट थी और अचेत थे. स्वप्न दास गुप्ता की दोनों हाथों की चूड़ी फूटी हुई थी. इसके बाद हो-हल्ला हुआ और दोनों को बोरिंग रोड में उद्ययन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद एसएसपी मनु महाराज के साथ ही पुलिस के अन्य लोग वहां पहुंचे.

बताया जाता है कि हरेंद्र प्रसाद सिंह ने दो शादियां की थी. पहली पत्नी और उनके दो बेटे कंकड़बाग में रहते है. जबकि, दूसरी पत्नी स्वप्न दास गुप्ता उनके साथ रहती थी. इनके एक बेटे और एक बेटी है. बेटा ब्रजेंद्र दिल्ली के मैक्स अस्पताल में डॉक्टर है. जबकि, बेटी आस्ट्रेलिया में काम करती है. सभी परिजनों को सूचना मिल गयी है.

सुबह में आरी से कट गया था पैर

नौकरानी गुलशन आरा के अनुसार सुबह में कारपेंटर काम करने के लिए आया हुआ था. इस दौरान वे देखने के लिए कमरे में गये थे और हरेंद्र प्रसाद सिंह का पैर कट गया था. इसके कारण वे घायल हो गये थे. इसके बाद दोनों पति-पत्नी के बीच में काफी झगड़ा भी हुआ था. इसके बाद हरेंद्र प्रसाद सिंह के पैर में बैंडेज बांधा गया था. हालांकि, उसका कहना है कि दिन भर आपस में दोनों ने लड़ाई की थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन