ePaper

मोकामा में युवक को गोलियों से भूना, सड़क जाम, हंगामा

Updated at : 26 Aug 2018 2:54 AM (IST)
विज्ञापन
मोकामा में युवक को गोलियों से भूना, सड़क जाम, हंगामा

हत्या के मामले में दो वर्ष पहले जेल से छूटा था रवींद्र वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक व घोड़े से हुए फरार मोकामा : पुरानी रंजिश में अपराधियों ने शनिवार की सुबह रवींद्र यादव उर्फ राबो (36) को गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार दिया. घोसवरी थाने के ईशानगर में […]

विज्ञापन
हत्या के मामले में दो वर्ष पहले जेल से छूटा था रवींद्र
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक व घोड़े से हुए फरार
मोकामा : पुरानी रंजिश में अपराधियों ने शनिवार की सुबह रवींद्र यादव उर्फ राबो (36) को गोलियों से भून कर मौत के घाट उतार दिया. घोसवरी थाने के ईशानगर में यह वारदात हुई.
सुबह-सुबह गोलियों से आवाज सुन पूरा गांव सड़क पर आ गया. घटना के विरोध में ग्रामीणों ने चार घंटे तक एनएच 82 को जाम कर दिया था. इससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा. प्राप्त जानकारी के मुताबिक देवाली यादव का पुत्र राबो शौच के लिए जा रहा था.
रास्ते में घात लगा कर बैठे बदमाशों ने उसे ताबड़तोड़ छह गोलियां मार दीं. वारदात के बाद बाइक व घोड़े पर सवार होकर अपराधी फरार हो गये. इधर, गोलियों की आवाज से ग्रामीणों के बीच भगदड़ की स्थिति बन गयी. इसी रास्ते से होकर गुजर रहे कई लोगों ने भाग कर अपनी जान बचायी.
युवक की हत्या की सूचना मिलते ही थानेदार विभूति भूषण कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. वहीं, मामले की छानबीन शुरू की. इसी बीच शरारती तत्वों ने जुट कर शव को कब्जे में ले लिया. वहीं, सरमेरा-मोकामा पथ एनएच 82 पर लठिया मोड़ के पास शव रख कर हंगामा व प्रदर्शन करने लगे. इससे एनएच पर जाम की स्थिति बन गयी. जाम कर रहे लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
इस कारण तकरीबन सात किमी तक वाहनों की कतार लग गयी. बाद में बाढ़ डीएसपी कमलाकांत प्रसाद जाम स्थल पर पहुंच कर हत्या में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया. तब जाकर मामला शांत हो सका. वहीं, पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
छह लोगों पर एफआईआर, पुिलस कर रही जांच
मृतक के भाई कौशलेंद्र यादव के बयान पर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई है. इसमें गांव के ही मौली यादव, मधु यादव, साधु यादव, राजनीति यादव, विक्की यादव व एक अन्य शामिल हैं.
पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है. इधर, इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल कायम है. बताया जा रहा है कि तकरीबन नौ वर्ष पहले ईशानगर में किसान चंद्रदेव यादव की हत्या हुई थी. इस कांड में मृत राबो यादव नामजद अभियुक्त था. तकरीबन पांच वर्षों तक जेल काट कर वह दो वर्ष पहले जमानत पर जेल से छूटा था. ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच वर्षों से अदावत है. मृत चंद्रदेव के परिजन बदला लेने के लिए मौके की ताक में थे.
वारदात के बाद घर में मचा कोहराम
राबो यादव की हत्या की सूचना मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया. वृद्ध पिता देवाली यादव पछाड़ खाकर जमीन पर गिर पड़े. वहीं, पत्नी गीता देवी व चार बच्चों का रो-रो कर हाल बेहाल था. गीता बार-बार बेहोश हो जा रही थी. युवक खेती कर अपने परिवार का पेट पाल रहा था.
बाढ़ डीएसपी कमलाकांत प्रसाद ने अनुशंसा कर परिजनों को सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया. ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच वर्षों से खूनी संघर्ष चल रहा है. कई बार गोलीबारी और मारपीट की घटना घट चुकी है. इधर, पिछले दो-तीन दिनों में एक बार फिर तनाव का माहौल पैदा हो गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन