मार्च में शुरू होगा इन दो स्टेशनों के बीच सफर, जांच के लिए आ रही है दिल्ली की टीम
सांकेतिक तस्वीर Patna Metro
Patna Metro : पटना मेट्रो को लेकर इंतजार अब बस कुछ दिनों का रह गया है. फरवरी के आखिर में सुरक्षा जांच पूरी होते ही मार्च की शुरुआत में शहर को दो नए मेट्रो स्टेशन मिलने की उम्मीद है.
Patna Metro : पटना मेट्रो प्रोजेक्ट ने एक और अहम पड़ाव पार करने की तैयारी कर ली है. मलाही पकड़ी और खेमनीचक मेट्रो स्टेशन बीच मेट्रो सेवाएं शुरू से पहले कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) की फाइनल जांच फरवरी के अंत में होगी.
आपके शहर में
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, अगर सब कुछ तय मानकों पर सही उतरा तो मार्च के पहले सप्ताह में इन दोनों स्टेशनों से मेट्रो सेवाएं शुरू हो सकती हैं. इससे पटना मेट्रो का दायरा बढ़ेगा और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
25 से 28 फरवरी के बीच होगी CMRS की जांच
मलाही पकड़ी और खेमनीचक स्टेशन को शुरू करने से पहले CMRS की टीम 25 से 28 फरवरी के बीच पटना पहुंचेगी. यह टीम ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा से जुड़े तमाम तकनीकी पहलुओं की जांच करेगी. जांच पूरी होने के बाद एक सप्ताह के भीतर मेट्रो परिचालन की अंतिम तारीख घोषित कर दी जाएगी. मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक स्तर पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं.
पटना मेट्रो आईएसबीटी, जीरो माइल और भूतनाथ स्टेशन के बीच संचालित हो रही है. मलाही पकड़ी और खेमनीचक स्टेशन के जुड़ने के बाद मेट्रो की दूरी छह किलोमीटर से अधिक हो जाएगी. इससे पूर्वी पटना के इलाकों को सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी और रोजाना सफर करने वालों का समय बचेगा.
डिपो में तैयार हुआ जी+4 मंजिला मेट्रो कार्यालय
पटना मेट्रो का प्रशासनिक कार्यालय अब आईएसबीटी डिपो परिसर में शिफ्ट होने जा रहा है. बोरिंग रोड स्थित इंदिरा भवन से अगले दो-तीन दिनों में कार्यालय का ट्रांसफर पूरा कर लिया जाएगा. डिपो परिसर में बना जी प्लस चार मंजिला प्रशासनिक भवन पूरी तरह तैयार है, जहां मेट्रो से जुड़े सभी अधिकारी बैठेंगे.
निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए अहम बैठक
पटना मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए पीएमआरसीएल के अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों के बीच एक अहम इंटरफेस बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में एजेंसियों के बीच समन्वय, साइट से जुड़ी समस्याओं और उनके समयबद्ध समाधान पर चर्चा होगी, ताकि काम बिना रुकावट आगे बढ़ सके.
नए स्टेशनों के शुरू होने से पटना के कई इलाकों में सड़क जाम से राहत मिलेगी. मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से सार्वजनिक परिवहन पर निर्भरता बढ़ेगी और शहर की ट्रैफिक समस्या कम करने में मदद मिलेगी.
Also Read: पटना में खुलेंगे इतने सीएनजी स्टेशन, जानिए कब तक होगा निर्माण कार्य पूरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए