कार्रवाई नहीं होने से नाराज बीस सूत्री समिति के सदस्यों ने बैठक का किया बहिष्कार

Author Vishal kumar|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
अनुपालन रिपोर्ट पर अड़े बीस सूत्री सदस्य, कार्रवाई नहीं होने पर किया बहिष्कार

बैठक में शामिल सदस्य व अधिकारी

Nawada News : मेसकौर प्रखंड कार्यालय में आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में उस समय गतिरोध उत्पन्न हो गया जब पिछली बैठकों में उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया. कई विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति ने स्थिति को और गंभीर बना दिया.

विज्ञापन

Nawada News : मेसकौर प्रखंड कार्यालय सभागार में शनिवार को आयोजित प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में उस समय गतिरोध उत्पन्न हो गया, जब पिछली बैठकों में उठाए गए मुद्दों पर कार्रवाई नहीं होने और कई विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति से नाराज सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया.

लंबित मामलों पर कार्रवाई नहीं होने पर जताई नाराजगी

बैठक की शुरुआत पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई. इस दौरान समिति के सदस्यों ने आरोप लगाया कि सड़क, पेयजल, शिक्षा, जन वितरण प्रणाली, स्वास्थ्य और आवास जैसी जनहित की समस्याओं को कई बार उठाए जाने के बावजूद संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. सदस्यों ने कहा कि केवल समीक्षा बैठक आयोजित करने से समस्याओं का समाधान नहीं होगा. बैठकों में लिए गए निर्णयों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है.

अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी उठाए सवाल

सदस्यों ने बैठक में कई महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी कड़ी नाराजगी जताई. उनका कहना था कि जिम्मेदार अधिकारियों के बैठक में शामिल नहीं होने से आम लोगों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब हो रहा है. विरोध स्वरूप समिति के सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से बैठक का बहिष्कार कर दिया और लंबित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई के साथ अगली बैठक में स्पष्ट अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने की मांग की.

औपचारिकता नहीं, जनसमस्याओं के समाधान का मंच है बैठक

बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने कहा कि समिति की बैठक केवल औपचारिकता निभाने के लिए नहीं होती. इसका उद्देश्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा करना और जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि यदि बैठकों में लिए गए निर्णयों पर अमल नहीं होगा, तो बैठक का उद्देश्य ही समाप्त हो जाएगा.

अनुपस्थित अधिकारियों से मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

प्रखंड विकास पदाधिकारी अश्वनी कुमार ने कहा कि बैठक से अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा. उन्होंने बताया कि लंबित मामलों की समीक्षा और आवश्यक कार्रवाई के लिए समिति की अगली बैठक 28 जुलाई को आयोजित की जाएगी.

कई विभागों के अधिकारी रहे अनुपस्थित

बैठक में अंचल अधिकारी, बीपीआरओ, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, उद्योग विस्तार पदाधिकारी, कनीय अभियंता, मेसकौर एवं सीतामढ़ी थाना के प्रतिनिधि, कानूनगो, वन आरक्षी तथा एजीएम सहित कई विभागों के अधिकारी अनुपस्थित रहे. वहीं प्रखंड प्रमुख प्रभावती देवी, समिति के उपाध्यक्ष उपेंद्र चौहान, समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे.

Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल



विज्ञापन
Vishal Kumar

लेखक के बारे में

By Vishal Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन