सिरदला के बंद मकान में दो माह में दूसरी बार चोरी, झारखंड में रहता है परिवार
चोरी के बाद घर का फोटो | Prabhat Khabar Network
सिरदला के परनपुर गांव में एक ही बंद मकान में दो महीने के भीतर दूसरी बार चोरी की घटना हुई है. परिवार के झारखंड में रहने के कारण चोरों ने इस मौके का फायदा उठाया. ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
सिरदला थाना क्षेत्र के खनपुरा पंचायत अंतर्गत परनपुर गांव में चोरों ने एक बार फिर बंद मकान को निशाना बनाया है. गुरुवार की देर रात अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. खास बात यह है कि करीब दो माह पूर्व भी इसी मकान में चोरी हुई थी. पहली घटना का अब तक खुलासा नहीं होने के बीच दोबारा चोरी से परिवार के साथ ग्रामीणों में भी चिंता बढ़ गई है.
आपके शहर में
गृहस्वामी महेश कपूर के पुत्र चंदन कुमार ने बताया कि उनका परिवार वर्तमान में झारखंड के रामगढ़ जिले के कुज्जू में रहता है, जहां वे नौकरी करते हैं. पिता की तबीयत खराब रहने के कारण उन्हें इलाज के लिए कुज्जू ले जाया गया था. इसी वजह से परनपुर स्थित मकान लंबे समय से बंद था.
चंदन कुमार के अनुसार, गुरुवार घर में दोबारा चोरी होने की सूचना मिली. घर से मिले वीडियो में कमरों में काफी तोड़फोड़ और सामान बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है. वह अभी तक गांव स्थित घर नहीं पहुंच सके हैं. घर पहुंचने के बाद ही चोरी हुए सामान, जेवरात, नकदी या अन्य कीमती वस्तुओं का सही आकलन हो सकेगा.
उन्होंने बताया कि करीब दो माह पहले भी इसी घर में चोरी हुई थी. उस घटना के बाद पुलिस से कार्रवाई और चोरों की गिरफ्तारी की उम्मीद थी, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है. इसी बीच दूसरी बार घटना होने से परिवार की परेशानी बढ़ गई है.
घटना की सूचना सिरदला थाना पुलिस को दी गई है. थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि मकान में रहने वाले लोग बाहर रहते हैं और फिलहाल घटना को लेकर आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. एक ही बंद मकान में दो माह के भीतर दूसरी बार चोरी होने से ग्रामीणों ने रात्रि गश्ती और बंद घरों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए