चीनी के बढ़ते दाम से संकट, अकबरपुर में दुकानदारों से लेकर आम लोग भी परेशान
AI निर्मित सांकेतिक तस्वीर.
अकबरपुर प्रखंड में रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर भारी पड़ रहा है. चीनी की कीमतों में अचानक 10 रुपये प्रति किलो की वृद्धि ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं दाल, तेल और चावल के दाम में भी उतार-चढ़ाव जारी है.
अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों खाने-पीने की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. चावल, दाल, सरसों तेल और चीनी के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. सबसे अधिक तेजी चीनी के भाव में दर्ज की गई है. पिछले सप्ताह जहां बाजार में चीनी करीब 55 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वहीं इस सप्ताह इसका भाव बढ़कर 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. एक सप्ताह में चीनी की कीमत में सीधे 10 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
आपके शहर में
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि थोक बाजार में कीमत बढ़ने के कारण खुदरा भाव में भी तेजी आई है. वहीं, बाजार में बढ़ती महंगाई को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं. कुछ उपभोक्ता पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण को भी कीमतों में हो रही बढ़ोतरी से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि चीनी के दाम बढ़ने के वास्तविक कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट नहीं है.
गृहिणियों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरत की लगभग हर वस्तु महंगी होने से घर का बजट बिगड़ रहा है. दाल, तेल और चावल के दाम में भी उतार-चढ़ाव जारी है. ऐसे में सीमित आमदनी वाले परिवारों के लिए रसोई का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने सरकार से आवश्यक खाद्य पदार्थों की कीमतों पर निगरानी बढ़ाने और जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए