नवादा में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग, समर्थन जुटाने के लिए शुरू हुआ हस्ताक्षर अभियान

अभियान में शामिल लोग
नवादा जिले में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है। अब तक सवा लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर अपना समर्थन जताया है। यह अभियान देशव्यापी है।
Nawada News : नवादा जिले में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है. इस अभियान के तहत अब तक नवादा से सवा लाख से अधिक लोगों ने अपने हस्ताक्षर कर समर्थन जताया है. यह अभियान गौ सम्मान अभियान के बैनर तले जिला प्रभारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में चलाया जा रहा है.
अभियान के दौरान शहर के न्यू एरिया स्थित गायत्री मंदिर से इसकी शुरुआत की गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर गौ संरक्षण और संवर्धन के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद की. आयोजकों का कहना है कि यह अभियान केवल नवादा तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में इसे चलाया जा रहा है.
देशभर में चल रहा हस्ताक्षर अभियान
जिला प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पूरे भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराना और गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना है. इसी को लेकर विभिन्न राज्यों और जिलों में लगातार हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि नवादा जिले से जुटाए गए हस्ताक्षरों को एक ज्ञापन के रूप में प्रशासन के माध्यम से देश के उच्च पदस्थ अधिकारियों तक पहुंचाया गया है. इसमें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और बिहार के मुख्यमंत्री को संबोधित मांगें शामिल हैं.
डीएम के माध्यम से सौंपा गया ज्ञापन
अभियान को गति देने के लिए उषा शास्त्री के प्रयासों का भी जिक्र किया गया. उनके सहयोग से जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया. नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश को यह हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंपा गया, ताकि इसे आगे संबंधित स्तर पर भेजा जा सके.
दो चरणों में पूरा हुआ अभियान
छत्रपति शिवाजी सेवा संस्थान के अध्यक्ष कैलाश विश्वकर्मा और सचिव जितेंद्र प्रताप जितु ने बताया कि इस हस्ताक्षर अभियान को दो चरणों में पूरा किया गया. पहला चरण 27 अप्रैल को संपन्न हुआ था, जबकि दूसरा चरण 27 जुलाई को पूरा किया गया.
दोनों चरणों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी सहमति जताई और अभियान को सफल बनाया.
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान कई सामाजिक कार्यकर्ता और गौ सेवक मौजूद रहे. इनमें निशांत कुमार, अनिरुद्ध कुमार सिंह, संतोष कुमार, बबलू कुमार, सोहन कुमार, विक्की कुमार, सरिता देवी, सविता देवी, पिंकी देवी और शालिनी देवी समेत अन्य लोग शामिल थे..
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










