परिवार नियोजन में नवादा बिहार में अव्वल, जुलाई 2026 तक की संचयी रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान

Updated:
विज्ञापन

जानकारी देते अधिकारी और सेवाओं का लाभ लेते लोग

Nawada News : परिवार नियोजन कार्यक्रम में नवादा जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार में प्रथम स्थान हासिल किया है. स्वास्थ्य विभाग की इस बड़ी उपलब्धि के बारे में जानें यहाँ.

विज्ञापन

Nawada News : परिवार नियोजन कार्यक्रम के क्षेत्र में नवादा जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार में पहला स्थान हासिल किया है. जुलाई 2026 तक की संचयी रैंकिंग में जिले ने परिवार नियोजन के सात प्रमुख डिलीवरेबल इंडिकेटर्स के आधार पर 65.19 प्रतिशत का संचयी स्कोर प्राप्त किया है. जिले की इस उपलब्धि को स्वास्थ्य टीम, प्रखंड एवं संस्थान स्तर के स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगी संस्थाओं तथा पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पीएफआई) के निरंतर तकनीकी एवं कार्यक्रमगत सहयोग का परिणाम माना जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

छठे स्थान से पहले पायदान तक पहुंचा नवादा

पिछले वर्ष जुलाई 2025 में नवादा जिला परिवार नियोजन की इसी रैंकिंग में छठे स्थान पर था. बेहतर मॉनिटरिंग, डेटा आधारित समीक्षा, सेवा प्रदायगी में सुधार और स्वास्थ्य संस्थानों के सुदृढ़ सहयोग के फलस्वरूप जुलाई 2026 तक जिले ने छठे स्थान से सीधे प्रथम स्थान तक की उल्लेखनीय छलांग लगायी है.

परिवार नियोजन के प्रमुख संकेतकों में बेहतर प्रदर्शन

जुलाई 2026 तक नवादा जिले ने परिवार नियोजन के विभिन्न संकेतकों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं. इनमें मेल स्टेरिलाइजेशन में 68 प्रतिशत उपलब्धि के साथ राज्य में सातवां, फीमेल स्टेरिलाइजेशन में 36 प्रतिशत के साथ छठा, पोस्टपार्टम कॉन्ट्रासेप्टिव्स में 74 प्रतिशत के साथ 11वां और पोस्ट एबॉर्शन कॉन्ट्रासेप्टिव्स में 71 प्रतिशत उपलब्धि के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया है. इसी तरह एमपीए अंतरा में 120 प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले को राज्य में 13वां स्थान मिला है. एफएलएमआईएस अप टू एचएससी में 96 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पांचवां और एफएलएमआईएस आशा स्टेटस में 78 प्रतिशत उपलब्धि के साथ तीसरा स्थान हासिल किया गया है.

डब्ल्यूपीडी फोर्टनाइट में भी नवादा का शानदार प्रदर्शन

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर आयोजित डब्ल्यूपीडी फोर्टनाइट 2026 के दौरान भी नवादा जिले ने परिवार नियोजन सेवाओं में प्रभावशाली प्रदर्शन किया. महिला नसबंदी में 89 प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले ने राज्य में दूसरा स्थान, आईयूसीडी में 82 प्रतिशत के साथ तीसरा स्थान और एमपीए अंतरा में 98 प्रतिशत के साथ चौथा स्थान प्राप्त किया. कंडोम में 144 प्रतिशत, माला-एन में 84 प्रतिशत, ईसीपी में 68 प्रतिशत तथा छाया में 87 प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले ने इन सभी संकेतकों में राज्य के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले जिलों में स्थान बनाया. पुरुष नसबंदी में भी जिले ने निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 115 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की, जो पुरुष सहभागिता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.

एचएमआईएस रैंकिंग में भी हुआ सुधार

परिवार नियोजन एचएमआईएस रैंकिंग में भी नवादा जिले ने लगातार सुधार किया है. जून 2026 में जहां जिला 16वें स्थान पर था, वहीं जुलाई 2026 में सुधार करते हुए चौथे स्थान पर पहुंच गया. जुलाई 2025 में जिले की एचएमआईएस रैंकिंग दूसरे स्थान पर थी. इसी प्रकार परिवार नियोजन के सात डिलीवरेबल इंडिकेटर्स की रैंकिंग में भी जिले ने जून 2026 के तीसरे स्थान से सुधार करते हुए जुलाई 2026 में प्रथम स्थान प्राप्त किया है.

Also Read : दिल्ली रैली की तैयारी में जुटी भाकपा, साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा

स्वास्थ्य संस्थानों के सामूहिक प्रयास का परिणाम

जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं स्वास्थ्य संस्थानों ने डब्ल्यूपीडी फोर्टनाइट के दौरान निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज कीं. कई स्वास्थ्य संस्थानों ने महिला नसबंदी, आईयूसीडी, अंतरा, कंडोम, माला-एन, छाया तथा ईसीपी जैसी सेवाओं में 100 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि हासिल की. इन उपलब्धियों के पीछे जिला स्तर से लेकर प्रखंड एवं स्वास्थ्य संस्थान स्तर तक नियमित समीक्षा, माइक्रो-प्लानिंग, लाभार्थियों की काउंसलिंग, सेवा प्रदायगी, डेटा मॉनिटरिंग और समयबद्ध रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया गया.

कार्यक्रम की तस्वीर
कार्यक्रम की तस्वीर

स्वास्थ्य विभाग और पीएफआई का रहा महत्वपूर्ण सहयोग

जिले की इस उपलब्धि में सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार चौधरी, एसीएमओ डॉ. आफताब कलीम, डीपीएम अमित कुमार, डीसीएम गजेंद्र कुमार, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधन इकाइयों, एमओआईसी, चिकित्सा पदाधिकारियों, सीएचओ, एएनएम, आशा एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इसके साथ ही पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से परिवार नियोजन कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग, डेटा विश्लेषण, नियमित फॉलो-अप, समीक्षा बैठकों में सहयोग, स्वास्थ्यकर्मियों के क्षमता निर्माण, एफपीएमएमआईएस एवं एचएमआईएस रिपोर्टिंग तथा जमीनी स्तर पर कार्यक्रम की निगरानी और सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया.

Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित

परिवार नियोजन सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर

स्वास्थ्य विभाग और पीएफआई के समन्वित प्रयासों से परिवार नियोजन सेवाओं की पहुंच, गुणवत्ता, लाभार्थी काउंसलिंग, पुरुष सहभागिता और रिपोर्टिंग में लगातार सुधार सुनिश्चित करने में मदद मिली है. जिला स्वास्थ्य समिति, नवादा ने इस उपलब्धि को केवल रैंक नहीं, बल्कि परिवार नियोजन सेवाओं को प्रत्येक पात्र दंपती तक बेहतर तरीके से पहुंचाने की दिशा में जिले की प्रतिबद्धता और सामूहिक टीमवर्क का प्रमाण बताया है. जिला स्वास्थ्य समिति ने सभी स्वास्थ्यकर्मियों, प्रखंड स्वास्थ्य टीमों, आशा एवं एएनएम, सहयोगी संस्थाओं तथा पीएफआई के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी गति और समन्वय के साथ कार्य जारी रखने की अपील की है, ताकि नवादा जिला परिवार नियोजन के क्षेत्र में राज्य में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रख सके.

Also Read : दिल्ली रैली की तैयारी में जुटी भाकपा, साहेबपुर कमाल से सैकड़ों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन