नवादा में इलाज कराने पहुंची बुजुर्ग महिला से ठगी, रुपये लेकर फरार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्ता आरोपी के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी | Prabhat Khabar Network
नवादा में इलाज कराने आई एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से 2600 रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने खुद को मददगार बताकर महिला और उसकी बेटी को सुनसान जगह ले जाकर ठगा था.
Nawada News : जमुई से इलाज कराने नवादा पहुंची 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को झांसा देकर 2600 रुपये ठगने के मामले में नगर थाने की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने खुद को मददगार बताकर महिला और उसकी बेटी को अपने साथ लिया और नाश्ता-खाना कराने की बात कहकर अस्पताल से दूर सुनसान स्थान पर ले गया. इसके बाद मवेशियों के लिए चोकर-दाना खरीदने के नाम पर महिला से 2600 रुपये ले लिये और जल्द लौटने की बात कहकर फरार हो गया. हालांकि, महिला और स्थानीय लोगों की तत्परता से आरोपी को कुछ ही देर बाद गोन्दापुर स्थित एक होटल से पकड़ लिया गया.
डॉक्टर को दिखाने के इंतजार में मिली मदद की पेशकश
पीड़िता जमुई जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र की रहने वाली रामवतिया देवी, पति स्व. सर्जन यादव ने नगर थाने में आवेदन देकर घटना की जानकारी दी. आवेदन के अनुसार, 12 सितंबर की अहले सुबह करीब चार बजे वह अपनी बेटी सीमा देवी के साथ घर से नवादा के लिए निकली थीं. करीब छह बजे दोनों नवादा पहुंचीं और एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए नंबर लगने का इंतजार कर रही थीं.
इसी दौरान करीब 38 वर्षीय एक व्यक्ति महिला के पास पहुंचा. उसने खुद को मददगार बताते हुए मां-बेटी से कहा कि वे उसके घर चलें. वहां नाश्ता और खाना खाने के बाद वे वापस अस्पताल आकर डॉक्टर को दिखा सकती हैं. महिला और उसकी बेटी उसकी बातों पर भरोसा कर उसके साथ चली गयीं.
सुनसान जगह ले जाकर चोकर-दाना खरीदने के नाम पर लिये रुपये
आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद आरोपी दोनों को एक सुनसान स्थान पर ले गया. वहां उसने कहा कि उसके घर में मवेशी हैं और उनके लिए चोकर-दाना खरीदना है. इसके लिए उसने महिला से रुपये मांगे और सामान खरीदकर जल्द वापस लौटाने का भरोसा दिया.
आरोपी की बातों में आकर महिला ने अपने पास रखे 2600 रुपये उसे दे दिये. रुपये लेने के बाद आरोपी ने मां-बेटी से वहीं रुकने को कहा और चोकर-दाना लाने की बात कहकर चला गया. काफी देर तक उसके वापस नहीं लौटने पर दोनों को ठगी का एहसास हुआ.
होटल में खाना खाते मिला आरोपी
इसके बाद मां-बेटी ने आसपास के लोगों से मदद मांगी और आरोपी की तलाश शुरू की. स्थानीय लोगों की मदद से खोजबीन के दौरान आरोपी गोन्दापुर स्थित एक होटल में खाना खाते हुए दिखाई दिया. महिला ने उसे देखते ही पहचान लिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी.
सूचना पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील यादव, उम्र करीब 38 वर्ष, पिता कैलाश यादव, निवासी गोन्दापुर के बाबा ढाबा के पास बताया.
आरोपी के पास से 1100 रुपये बरामद
नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी के पास से ठगी की रकम में से 1100 रुपये बरामद हुए हैं, जिसे महिला ने पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
2023 के वृद्धा हत्याकांड में भी आरोपी रह चुका है
थानाध्यक्ष ने बताया कि सुनील यादव नगर थाना क्षेत्र के खरीदी बिगहा में दिसंबर 2023 के अंत में हुई 60 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में भी आरोपी रह चुका है. 26 दिसंबर 2023 को खेत से वृद्धा का शव बरामद होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था. इनमें ई-रिक्शा चालक के साथ सुनील यादव भी शामिल था.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए