जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में तेजनारायण यादव बने अध्यक्ष, अरविंद कुमार महासचिव निर्वाचित

शपथ के बाद स्वागत करते अध्यक्ष और सचिव अधिवक्तागण
Nawada News : नवादा जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में तेजनारायण यादव अध्यक्ष और अरविंद कुमार महासचिव चुने गए हैं. मतगणना के बाद देर रात परिणाम घोषित किए गए. शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया.
Nawada News : जिला अधिवक्ता संघ चुनाव की मतगणना शुक्रवार देर रात संपन्न होने के बाद सभी पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए. अध्यक्ष पद पर तेजनारायण यादव ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि महासचिव पद पर अरविंद कुमार निर्वाचित हुए. शनिवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित समारोह में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई. साथ ही उन्हें प्रमाणपत्र और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया.
अध्यक्ष पद पर तेजनारायण यादव ने दर्ज की जीत
मुख्य चुनाव पदाधिकारी अधिवक्ता निरंजन कुमार सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर तेजनारायण यादव को 244 मत प्राप्त हुए. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उमेश प्रसाद सिंह को 95 मतों से पराजित किया. इस पद पर अरुण कुमार 139 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. वहीं महासचिव पद पर अरविंद कुमार ने 399 मत हासिल कर संजय कुमार प्रियदर्शी को पराजित किया. पूर्व महासचिव संतशरण शर्मा तीसरे स्थान पर रहे.
अन्य पदों के विजेताओं की भी हुई घोषणा
उपाध्यक्ष पद पर डॉ. संजय कुमार मिश्रा, संजय कुमार तथा आरक्षित वर्ग से आशा कुमारी निर्वाचित हुईं. कोषाध्यक्ष पद पर मनोज कुमार ने जीत हासिल की. इसके अलावा सहायक सचिव, संयुक्त सचिव, सतर्कता समिति, कार्यकारिणी सदस्य सहित अन्य पदों के विजेताओं की भी घोषणा की गई. इससे पहले कई आरक्षित पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे.
अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा का दिया भरोसा
नवनिर्वाचित अध्यक्ष तेजनारायण यादव ने कहा कि अधिवक्ताओं ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, संघ की गरिमा बनाए रखने और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा.
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
शनिवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अधिवक्ता गोरी शंकर सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. मुख्य चुनाव पदाधिकारी निरंजन कुमार सिंह ने सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया. चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर अधिवक्ताओं ने चुनाव पदाधिकारी एवं उनकी टीम की सराहना की.
Also Read : आधे घंटे की बारिश में डूबे दाउदनगर के दोनों राष्ट्रीय राजमार्ग, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










