सिरदला में पटवन विवाद के बाद आहर में डूबा इंटर स्टूडेंट, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
घटना स्थल की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
नवादा के सिरदला में खेत पटवन को लेकर हुए विवाद के बाद 16 वर्षीय छात्र की आहर में डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, पुलिस जांच में जुटी।
सिरदला थाना क्षेत्र के बढ़ी बीघा और नाद गांव के बीच शुक्रवार को खेत पटवन के पानी को लेकर हुए विवाद के बाद करीब 16 वर्षीय प्रिंस कुमार की आहर में डूबने से मौत हो गयी. मृतक बढ़ी बीघा गांव निवासी रामविलास यादव का पुत्र था. वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था और पटना में रहकर पढ़ाई करता था. परिजनों के अनुसार, वह इंटर की परीक्षा देने वाला था.
आपके शहर में
बताया जाता है कि शुक्रवार को प्रिंस शौच के लिए आहर की ओर गया था. इसी दौरान आहर के पानी से खेतों में पटवन को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीणों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया. इसी बीच प्रिंस के आहर में गिरने अथवा उसे आहर में फेंके जाने की बात सामने आयी. परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान प्रिंस को आहर में फेंक दिया गया, जिससे उसकी मौत हुई. हालांकि, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है.

गहरे पानी में काफी देर तक तलाश के बाद भी प्रिंस का पता नहीं चला. सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से आहर का पानी काटकर जलस्तर कम कराया गया. पानी घटने के बाद प्रिंस का शव बरामद कर सिरदला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अजय चौधरी ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. शव करीब ढाई घंटे तक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रखा रहा.

मौके पर रजौली डीएसपी मोहम्मद शाहनवाज अख्तर, सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया, परनाडाबर थानाध्यक्ष हरिकांत कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा. बीडीओ अमित कुमार एवं अंचल अधिकारी प्रेम आनंद प्रसाद भी मौके पर पहुंचे. परिजन दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े थे. डीएसपी ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेजा गया. चलंत फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने नाद गांव के दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.
डीएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. घटना के बाद दोनों गांवों में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गयी है.
मृतक के पिता रामविलास यादव ने कहा कि उनके बेटे का उस ओर कोई जमीन नहीं था. वह पढ़ाई के लिए पटना में रहता था और शौच के लिए आहर की ओर गया था. उन्होंने आरोप लगाया कि नाद गांव के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर उसे आहर में डाल दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए