मठ गुलनी में 405 महिलाओं की भव्य कलशयात्रा, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ पूरा गांव.

पकरीबरावां के मठ गुलनी में कलश लिए महिलाएं व यजमान. | Prabhat Khabar Network
पकरीबरावां के मठ गुलनी गांव में देवी मंदिर जीर्णोद्धार के उपलक्ष्य में 405 महिलाओं ने निकाली भव्य कलशयात्रा। पूरा गांव भक्ति और श्रद्धा में डूबा रहा।
पकरीबरावां प्रखंड के मठ गुलनी गांव में मंगलवार को देवी मंदिर के जीर्णोद्धार के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के तहत भव्य कलशयात्रा एवं शोभायात्रा निकाली गई. कलशयात्रा में 405 युवतियों एवं महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया. श्रद्धालुओं की भारी भीड़, ढोल-नगाड़ों की गूंज और देवी-देवताओं के जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूब गया. गांव के विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और जगह-जगह पुष्पवर्षा कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया. अहले सुबह से ही श्रद्धालु देवी मंदिर परिसर में जुटने लगे थे. वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के बाद आचार्यों ने कलश पूजन कराया. इसके उपरांत 405 युवतियां एवं महिलाएं सिर पर कलश लेकर मंदिर परिसर से निकलीं. शोभायात्रा गांव के विभिन्न मंदिरों, प्रमुख गलियों और मार्गों से गुजरते हुए गांव स्थित तालाब तक पहुंची, जहां वैदिक विधि-विधान के अनुसार कलश में पवित्र जल भरा गया. इसके बाद श्रद्धालु पुनः शोभायात्रा के रूप में देवी मंदिर पहुंचे, जहां कलशों की स्थापना की गई. पूरी यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़े, शंखध्वनि और भक्ति गीतों की मधुर धुन वातावरण को आध्यात्मिक बना रही थी. श्रद्धालु \"जय माता दी \", \"हर-हर महादेव \" और अन्य धार्मिक जयघोष करते हुए आगे बढ़ रहे थे. महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में कलशयात्रा की शोभा बढ़ाई. मार्ग में ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की थीं. ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों बाद देवी मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया है, जिससे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है. मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया है, जिसमें आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं. मंदिर परिसर में 24 घंटे का अखंड कीर्तन लगातार जारी है. पटना से आए पांच विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में सभी वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए जा रहे हैं. धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान रामखेलावन पासवान एवं उनकी पत्नी हैं. आयोजकों ने बताया कि अखंड कीर्तन की पूर्णाहुति के बाद हवन-पूजन कराया जाएगा. इसके उपरांत महाप्रसाद का वितरण होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. शोभायात्रा में पंचायत के मुखिया मनोज चौरसिया, सरपंच धर्मेंद्र यादव, पंचायत समिति सदस्या प्रतिमा देवी, उपसरपंच सच्चिदानंद कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए. वहीं परमेश्वर राउत, नुनुचंद चौरसिया, विकास कुमार, हरिकेश्वर पासवान, मुन्द्रिका यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण आयोजन को सफल बनाने में जुटे रहे. पूरे आयोजन के दौरान गांव में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










