नवादा में करंट की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत, बूंदाबांदी के दौरान बिजली पोल छूने से हुआ हादसा
घटना के बाद भीड़ की तस्वीर
Nawada News : नवादा के सिरदला में बिजली पोल की चपेट में आने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई. ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर मुआवजे की मांग की है.
Nawada News : नवादा जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम करंट लगने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गयी. मृतक की पहचान फुलवरिया गांव निवासी करीब 35 वर्षीय अनिल पंडित के रूप में हुई है. वह चमारी पंडित के पुत्र थे. हादसा सिरदला नीचे बाजार स्थित एक मकान में काम करने के दौरान हुआ.
आपके शहर में
सामान लेने दुकान की ओर गए थे राजमिस्त्री
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अनिल शुक्रवार शाम एक मकान में राजमिस्त्री का काम कर रहे थे. इसी दौरान कुछ सामान लेने के लिए वह नीचे उतरे और पास की दुकान की ओर चले गए. उस समय हल्की बूंदाबांदी हो रही थी, जिससे वह भीगे हुए थे. दुकान के अंदर जाने के दौरान उन्होंने दुकान के आगे लगे बिजली के पोल को छू लिया. पोल में करंट प्रवाहित होने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही गिर पड़े.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
बिजली आपूर्ति बंद कराकर अस्पताल ले गए ग्रामीण
अचानक हुए हादसे के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करायी और अनिल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिरदला पहुंचाया. अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि ईसीजी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी, लेकिन प्रथम दृष्टया उनकी मौत हो चुकी थी. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों में शोक की लहर दौड़ गयी. मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं.
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
दुकानदार और गृहस्वामी रूबी देवी तथा राजेश कुमार ने बताया कि हल्की बूंदाबांदी के दौरान राजमिस्त्री सामान लेने दुकान पर आए थे. कल्लू मियां, सरयू प्रसाद समेत अन्य ग्रामीणों ने भी बताया कि बिजली के पोल में अचानक करंट प्रवाहित होने से अनिल उसकी चपेट में आ गए. ग्रामीणों ने घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने मामले की जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है.
Also Read : बेगूसराय के नावकोठी आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 दिनों का टेक होम राशन वितरित
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को मिली थी. शव को अंत्यपरीक्षण के लिए नवादा भेजा गया था. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कनीय विद्युत अभियंता नसरुद्दीन अंसारी ने भी घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जाएगी. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : सूखे नशे के खिलाफ चेरियाबरियारपुर में जागरूकता रैली, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए