नवादा: डीएलसीसी की बैठक में बोले डीएम रवि प्रकाश- ऋण वितरण में लाएं तेजी, केसीसी आवेदनों का जल्द करें निपटारा

Author Bablu kumar|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
फ़ोटो कैप्शन-बैठक में शामिल जिलाधिकारी व बैंक पदाधिकारीगण | Prabhat Khabar Network

बैठक में शामिल जिलाधिकारी व बैंक पदाधिकारीगण | Prabhat Khabar Network

नवादा के जिला पदाधिकारी (डीएम) रवि प्रकाश की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. डीएम ने बैंक अधिकारियों को ऋण वितरण में तेजी लाने और केसीसी लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया.

विज्ञापन

Nawada News: नवादा के जिला पदाधिकारी (डीएम) रवि प्रकाश की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय सलाहकार समिति (डीएलसीसी) एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस उच्च स्तरीय बैठक में विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी बैंक अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का कड़ा निर्देश दिया.

ऋण वितरण और सीडी रेशियो बढ़ाने पर जोर

डीएम रवि प्रकाश ने विशेष रूप से देश के अग्रणी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सहित जिले में कार्यरत सभी बैंकों को ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि प्राथमिकता वाले क्षेत्र के लाभुकों को बेहद सरल एवं समयबद्ध प्रक्रिया के तहत बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें अनावश्यक चक्कर न काटना पड़े. इस दौरान जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम) संजय कुमार ने डीएम को आश्वस्त किया कि जिले के सभी बैंक आपसी समन्वय से सीडी रेशियो (क्रेडिट-डिपॉजिट रेशियो) में सुधार लाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की हुई समीक्षा

बैठक के दौरान विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' की प्रगति की विस्तृत जानकारी पटल पर रखी. उन्होंने इस योजना के तहत मिलने वाले लाभ, पात्रता के मापदंड और आवश्यक बैंक ऋण प्रक्रिया से उपस्थित अधिकारियों को अवगत कराया. इस पर डीएम ने अधिकृत एजेंसियों एवं वेंडरों से धरातल का फीडबैक लिया और बैंक व संबंधित विभागों को बेहतर तालमेल स्थापित कर तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय पर इस योजना का सीधा लाभ मिल सके.

केसीसी के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश

बैठक में उपस्थित जिला कृषि पदाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के विभिन्न बैंकों में लंबित पड़े आवेदनों का मुद्दा उठाया और उनका शीघ्र निष्पादन करने का आग्रह किया ताकि किसानों को खरीफ सीजन में आर्थिक मदद मिल सके. वहीं, डीएम ने एसडीसी बैंकिंग को जिले की सभी बैंक शाखाओं और प्रबंधकों का एक संयुक्त व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इस ग्रुप के माध्यम से बैंकिंग योजनाओं की नियमित समीक्षा, त्वरित सूचनाओं का आदान-प्रदान और फील्ड स्तर की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा.

बैठक में कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ-साथ भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के एलडीओ, जिला अग्रणी प्रबंधक संजय कुमार तथा जिले के विभिन्न सार्वजनिक व निजी क्षेत्र के बैंकों के प्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद रहे. बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की वित्तीय साख को मजबूत करते हुए सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था.


विज्ञापन
Bablu Kumar

लेखक के बारे में

By Bablu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन