नवादा: गाजे-बाजे के साथ निकला गणपति विसर्जन जुलूस, पनकट्टी में दिखा लाठी-डंडे का रोमांच
गणेश प्रतिमा को धमौल बाजार घुमाते लोग
धमौल बाजार में पांच दिवसीय गणेशोत्सव का विदाई समारोह धूमधाम से हुआ. भगवान गणेश की प्रतिमा का गाजे-बाजे के साथ विसर्जन किया गया, जिसके बाद पनकट्टी का रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिला. 16 सितंबर को भव्य भंडारे और 18 को शोभायात्रा की तैयारी है.
Ganeshotsav: पकरीबरावां प्रखंड के धमौल बाजार में पांच दिवसीय गणेशोत्सव के तहत सोमवार को भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया. इससे पहले श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ प्रतिमा के साथ बाजार का भ्रमण किया. इसके बाद दुर्गा मंदिर परिसर स्थित तालाब में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत प्रतिमा का विसर्जन किया गया.
प्रतिमा विसर्जन के बाद मंदिर परिसर में भगवान गणेश की नयी प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गयी. ढोल-नगाड़ों के बीच हुए पूजा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.
पनकट्टी में दिखा लाठी-डंडे का रोमांच
विसर्जन से पहले पनकट्टी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लाठी-डंडे का खेल प्रस्तुत किया. खेल का प्रदर्शन करते हुए श्रद्धालु जुलूस की शक्ल में देवी मोहल्ला स्थित कुएं के पास पहुंचे. यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कुएं से जल भरा गया. इसके बाद श्रद्धालु जल लेकर पूजा स्थल पहुंचे और धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए.
16 सितंबर को भंडारा, 18 को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि पांच दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. 16 सितंबर को भव्य भंडारे का आयोजन होगा. इसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में पूड़ी, सब्जी और बुंदिया परोसी जाएगी.
वहीं, 18 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ भव्य शोभायात्रा पूरे बाजार में निकाली जाएगी. शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट
गणेशोत्सव और आगामी शोभायात्रा को लेकर स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा की विशेष तैयारी की है. 18 सितंबर को निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस जवानों की प्रतिनियुक्ति रहेगी. वहीं, इमामबाड़ा के पास बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी.
धमौल थानाध्यक्ष हिमांशु कुमार ने कहा कि जुलूस और पूजा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी. माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए