नवादा में बुजुर्ग महिला की हत्या-लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, जेवर दुकानदार समेत तीन गिरफ्तार
नारदीगंज थाना मे गिरफ्तार आरोपियों के साथ एसडीपीओ 2
Nawada News : नवादा के नारदीगंज में बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. चोरी के जेवर भी बरामद किए गए हैं.
Nawada News : नारदीगंज थाना क्षेत्र के नारदिडीह गांव में 14-15 अगस्त की रात 65 वर्षीय राजकुमारी देवी के घर में घुसकर लूटपाट और हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में नारदीगंज थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव निवासी 24 वर्षीय नीतीश कुमार, 20 वर्षीय अमय कुमार उर्फ बिहारी पांडेय और गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र निवासी जेवर दुकानदार अरुण कुमार वर्मा शामिल हैं.
आपके शहर में
तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना से जांच आगे बढ़ी
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद नारदीगंज थाना कांड संख्या 301/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गयी थी. पुलिस अधीक्षक, नवादा के निर्देश पर गठित टीम ने डीआईयू शाखा के सहयोग से मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन की. इसी क्रम में पुलिस को घटना में शामिल नीतीश कुमार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में सामने आये अन्य आरोपितों के नाम
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान नीतीश कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने अन्य साथियों के नाम बताये. उसने पुलिस को बताया कि अमय कुमार उर्फ बिहारी पांडेय और टिक्कू चन्द्रवंशी के साथ मिलकर राजकुमारी देवी के घर में लूटपाट की गयी थी.
पुलिस के अनुसार, चोरी किये गये चांदी के जेवर गया जिले के फतेहपुर स्थित एक जेवर दुकान में 25 हजार रुपये में बेचने की बात भी सामने आयी. नीतीश के स्वीकारोक्ति बयान और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने अमय कुमार उर्फ बिहारी पांडेय और जेवर दुकानदार अरुण कुमार वर्मा को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, घटना में शामिल टिक्कू चन्द्रवंशी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
315 ग्राम चांदी के जेवर और लोहे का रॉड बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी किये गये करीब 315 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किये हैं. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं.
फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपित टिक्कू चन्द्रवंशी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. साथ ही गिरफ्तार आरोपितों के पूर्व आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि हत्या और लूट की घटना में शामिल आरोपितों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है. फरार आरोपित की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के भी सामने आने की संभावना है.
Also Read : बेगूसराय में गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए