नवादा: रजौली में लोक संवाद गोष्ठी, ग्रामीणों ने पुलिस के सामने रखीं जमीनी समस्याएं
लोक संवाद गोष्ठी में थानाध्यक्ष व पुलिस बल
नवादा के रजौली थाना क्षेत्र में आयोजित लोक संवाद गोष्ठी में ग्रामीणों ने पुलिस के सामने अपनी समस्याएं रखीं। युवाओं ने कानून और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए, वहीं पुलिस ने नैतिकता और स्वतंत्रता के महत्व को समझाया।
Nawada News : रजौली थाना क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय अमावां के परिसर में शनिवार की शाम लोक संवाद गोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने की. गोष्ठी में पुलिस पदाधिकारियों के साथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुबोध कुमार सिंह और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा एवं महिलाएं शामिल हुईं. लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रखे.
युवाओं ने कानून और पुलिस व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाये
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण युवाओं बब्लू कुमार और विनम्र शर्मा ने कानून की सामान्य समझ, ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल साक्षरता की कमी, पुलिस के व्यवहार में बदलाव और प्राथमिकी दर्ज कराने के दौरान आम नागरिकों एवं प्रभावशाली लोगों के बीच कथित असमान व्यवहार जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.
युवाओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किये जाने चाहिए, ताकि आम लोग अपने अधिकारों और कानूनों को बेहतर तरीके से समझ सकें.
नैतिकता और कानून के संबंध को समझाया
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने कहा कि कानून और सामाजिक नैतिकता एक-दूसरे से सीधे जुड़े हुए हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि चोरी करना या शराब का सेवन करना जैसे कार्य सामाजिक रूप से गलत होने के साथ कानून की नजर में भी अपराध हैं.
दूसरों की स्वतंत्रता का सम्मान जरूरी
थानाध्यक्ष ने नागरिकों को स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ को समझाते हुए कहा कि व्यक्तिगत आजादी की सीमा वहीं तक है, जहां से दूसरे लोगों की स्वतंत्रता, शांति या सुविधा प्रभावित न हो. उन्होंने ग्रामीणों से अपने मौलिक कर्तव्यों का पालन करने, सार्वजनिक रास्तों पर जलजमाव नहीं करने और सामाजिक अनुशासन बनाये रखने की अपील की.
पुलिस और जनता के बीच विश्वास पर जोर
युवाओं द्वारा उठाये गये सवालों का जवाब देते हुए थानाध्यक्ष ने स्वीकार किया कि कोई भी व्यवस्था शत-प्रतिशत सही नहीं होती और समय के साथ उसमें लगातार सुधार की जरूरत होती है. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और पारदर्शिता बढ़ाने में ऐसे लोक संवाद कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है.
ग्रामीणों ने भी रखीं अपनी बातें
कार्यक्रम में एएसआई सत्यदेव प्रसाद, प्रधानाध्यापक सुबोध कुमार सिंह, रामसागर सिंह, उपेंद्र प्रसाद, राजा तिवारी, बबलू कुमार और सुशीला देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. ग्रामीणों ने पुलिस के साथ संवाद को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता जतायी.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए