ePaper

मुजफ्फरपुर में वर्चस्व को लेकर स्कूटी सवार तीन युवकों पर छह राउंड फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Updated at : 21 Jul 2024 10:03 PM (IST)
विज्ञापन
muzaffarpur news

मुजफ्फरपुर में वर्चस्व को लेकर बुलेट बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी सवार युवकों पर छह राउंड फायरिंग की. इस घटना से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. जिसके बाद एएसपी टाउन और मिठनपुरा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की और घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए. फायरिंग की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है.

विज्ञापन

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मालीघाट चौक के समीप कालीबाड़ी रोड में रविवार की दोपहर तीन बजे वर्चस्व को लेकर स्कूटी सवार युवकों पर जमकर गोलीबारी की गयी. दो बुलेट बाइक पर सवार होकर आये आधा दर्जन हमलावर युवकों ने छह राउंड से अधिक फायरिंग की. हालांकि, स्कूटी सवार तीनों युवक घटना में बाल- बाल बच गए. गोलीबारी की घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी. कई दुकानों के शटर गिरने लगे. गोलीबारी करने के बाद हमलावर युवक चतुर्भुज स्थान चौक की ओर फरार हो गए.

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घटना की सूचना मिलने के बाद एएसपी टाउन भानु प्रताप सिंह व मिठनपुरा थानेदार रामइकबाल प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर एक जगह पर तीन खोखा व उससे कुछ दूरी पर चौथा खोखा मिला है. पुलिस ने वारदात की जगह पर लगे दुकानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली है. इसमें गोलीबारी करते बदमाश व भागते स्कूटी सवार युवकों की तस्वीर कैद मिली है. इसके आधार पर पुलिस दोनों पक्षों को चिन्हित करने में जुटी हुई है. बताया जाता है कि दोनों गुटों के बीच में पूर्व से विवाद चल रहा है.

पुलिस को आवेदन का इंतजार

फिलहाल, पुलिस स्कूटी सवार तीनों युवकों के आवेदन का इंतजार कर रही है. वे लोग पुलिस के डर से सामने नहीं आ रहे हैं. एएसपी टाउन भानु प्रताप सिंह ने बताया कि गोलीबारी की घटना हुई है. जो लोग भी इसमें शामिल है उनको चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

जानकारी के अनुसार, दाता कंबल शाह मजार के समीप का रहने वाला एक युवक अपने दो दोस्तों के साथ चाय पीने के लिए स्कूटी पर सवार होकर मालीघाट चौक पर जा रहा था. उसके साथ बाइक पर तीन और दोस्त था. इस दौरान दो बुलेट पर आधा दर्जन मालीघाट चौक की ओर से आ गए. उनको देखते ही स्कूटी सवार तीनों युवक गाड़ी खड़ी करके भागने लगे. वहीं, बुलेट बाइक पर सवार लड़के उनके ऊपर फायरिंग करने लगे. इस दौरान वे लाेग जान बचाकर दुकान व घरों में घुस गए. वहीं, उसके सपोर्ट में आए कुछ लड़के ईंट- पत्थर लेकर गोलीबारी करने वाले युवकों को खदेड़ने लगे. इसके बाद वे लोग चतुर्भुज स्थान चौक की ओर फरार हो गए.

गोलीबारी करने वाला बदमाश बाइक से गिरा, फिर बैठकर हो गया फरार

स्थानीय विष्णु कुमार महतो ने बताया कि अचानक हुई गोलीबारी की घटना के बाद सभी दुकानदार दहशत में आ गए. अपने- अपने दुकानों का शटर गिराने लगे. गोली चलाने के दौरान एक बदमाश बाइक से नीचे गिर गया. फिर वह उठकर बाइक पर बैठ गया. हमलावर युवक दो बाइक से व कुछ पैदल भी आये थे. पैदल आये बदमाश गोलीबारी करने के बाद वापस पीछे गली होकर भाग निकले.

दोनों गुट का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास, प्रोटेक्शन गैंग से जुड़ रहा तार

पुलिस की अब तक की जांच में जिन लड़कों पर गोलीबारी की गयी है, जिसने गोलीबारी की है, उनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. इन लड़कों का प्रोटेक्शन गैंग से भी तार जुड़ता दिख रहा है. जिन लड़कों पर गोली चली है वे हाल में ही शराब के मामले में जेल से बाहर आये हैं. वहीं, गोली चलाने वाले युवक पर भी थाने में कई बार फायरिंग करने की शिकायत पहुंची है. हालांकि, पुलिस के पास पीड़ित के नहीं पहुंचने के कारण इस गिरोह पर ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही है.

Also Read: TMBU में बवाल, कुलपति पर जानलेवा हमला, छात्रों ने बॉडीगार्ड से की मारपीट, वर्दी फाड़ी

अफरोज खत्री की हत्या के बाद प्रोटेक्शन गैंग फिर पसारने लगा पांव

प्रोटेक्शन गैंग में वर्चस्व को लेकर पिछले साल हुए मटन कारोबारी अफरोज खत्री की हत्या के बाद जिला पुलिस ने इस गैंग पर शिकंजा कस दिया था. शहर में इस गैंग से जुड़े लड़कों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी. दो दर्जन से अधिक लड़कों का नगर व मिठनपुरा थाने में बांड भरवाया गया था. लेकिन, धीरे- धीरे पुलिस की दबिश ढीली पड़ने लगी तो इस गिरोह ने फिर से पांव पसारना शुरू कर दिया है. आशंका जतायी जा रही है कि रविवार को जो मालीघाट में गोलीबारी हुई है, इसके पीछे भी प्रोटेक्शन गैंग का वर्चस्व हो सकता है.

विज्ञापन
Anand Shekhar

लेखक के बारे में

By Anand Shekhar

Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन