रौतनिया डंपिंग यार्ड पर विधायक का अल्टीमेटम, 31 जुलाई तक काम नहीं हुआ तो 1 अगस्त से कचड़ा गिराने पर रोक

Updated:
विज्ञापन

रौतनिया डंपिंग यार्ड का निरीक्षण करते स्वच्छता निदेशक, विधायक और अन्य अधिकारी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुजफ्फरपुर के रौतनिया डंपिंग यार्ड में कचरा निष्पादन कार्य में देरी पर विधायक ई. अजीत कुमार ने 31 जुलाई तक प्रगति नहीं होने पर 1 अगस्त से कचड़ा गिराने पर रोक लगाने की चेतावनी दी है. निरीक्षण के दौरान स्वच्छता निदेशक ने एक सप्ताह में कार्य शुरू कराने और आधुनिक एमआरएफ प्लांट लगाने का आश्वासन दिया.

विज्ञापन

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के रौतनिया स्थित कचड़ा डंपिंग यार्ड के निष्पादन कार्य में तेजी लाने को लेकर स्थानीय विधायक ई. अजीत कुमार ने प्रशासन को सख्त चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि यदि 31 जुलाई तक कार्य में संतोषजनक प्रगति नहीं हुई तो 1 अगस्त से किसी भी परिस्थिति में रौतनिया डंपिंग यार्ड पर शहर का कचड़ा नहीं गिरने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर प्रशासन के साथ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी.

विज्ञापन

स्वच्छता निदेशक और नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

विधायक ने यह बात स्वच्छता निदेशक सह अपर सचिव विजय मीणा के समक्ष स्थानीय लोगों और समर्थकों की मौजूदगी में कही. उन्होंने बताया कि वर्षों से पूरे मुजफ्फरपुर शहर का कचड़ा रौतनिया में डंप किया जा रहा है, जिससे आसपास के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है.

उन्होंने कहा कि दुर्गंध, मक्खियों और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. प्रदूषण के कारण आसपास के गांवों का सामाजिक जीवन भी प्रभावित हुआ है और निजी विद्यालयों पर भी इसका असर पड़ा है.

एक सप्ताह में शुरू होगा निष्पादन कार्य

विधायक ने बताया कि पिछले वर्ष दिसंबर में तत्कालीन डीएम सुब्रत कुमार सेन ने भी स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा नहीं हो सका. इसके बाद विधानसभा की प्राक्कलन समिति की बैठक में भी उन्होंने इस मुद्दे को उठाया.

विभागीय मंत्री नीतीश मिश्रा और प्रधान सचिव के निर्देश पर स्वच्छता निदेशक विजय मीणा तथा नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह ने डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान विजय मीणा ने बताया कि यहां करीब एक लाख मीट्रिक टन कचरा जमा है. उन्होंने कहा कि कचरा निष्पादन के लिए एजेंसी का चयन हो चुका है और आवश्यक मशीनें भी पहुंच गई हैं. मौसम अनुकूल रहने पर एक सप्ताह के भीतर कार्य तेज गति से शुरू कर दिया जाएगा.

लगेगा आधुनिक एमआरएफ प्लांट

स्वच्छता निदेशक ने बताया कि रौतनिया में आधुनिक मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) प्लांट स्थापित किया जाएगा. यहां सूखे और गीले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण होगा. गीले कचरे से गैस तैयार कर तेल कंपनियों को उपलब्ध कराने की भी विभागीय योजना है.

अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश शांत हुआ.

निरीक्षण के दौरान जदयू प्रखंड अध्यक्ष मो. शमीम, पूर्व प्रमुख मो. मोहसिन, मोतिउर रहमान, जय किशन कुमार चौहान, अंकेश ओझा, अजीत ओझा, रंजीत कुमार सिंह, मुन्नीलाल सहनी, सुधीर कुमार सिंह, दिलीप पासवान, अली अहमद, कामेश्वर यादव, अखिलेश महतो, शिवजी पासवान, दिनेश पासवान, मोहम्मद मुजीब, संतोष कुमार, विनोद शर्मा, धर्मेंद्र पासवान, रजनीश कुमार सिंह, गजेंद्र झा, पप्पू मिश्रा, नवल सिंह, संदीप ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.


आपके शहर में

विज्ञापन

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन