एसडीओ दफ्तर में हत्या मामले में बड़ा एक्शन, 7 आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार जारी

Updated:
विज्ञापन
7 फरार आरोपी पर इश्तेहार, पेंटर हत्याकांड में पुलिस की...

मुजफ्फरपुर में एसडीओ पूर्वी दफ्तर में पेंटर की पीट-पीटकर हत्या मामले में बड़ा एक्शन, 7 आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार जारी

मुजफ्फरपुर में तीन साल पुराने बहुचर्चित पेंटर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. कोर्ट से सात फरार आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार जारी किया गया है. ये सभी आरोपी पारू थाना क्षेत्र के कटारू गांव के रहने वाले हैं.

विज्ञापन

Painter murder case: मुजफ्फरपुर शहर के अति सुरक्षित इलाके एसडीओ पूर्वी कार्यालय परिसर में करीब तीन साल पहले हुए बहुचर्चित पेंटर मो. शहीद अंसारी (54) हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में फरार चल रहे सात नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट से इश्तेहार हासिल कर लिया है. अब पुलिस जल्द ही ढोल-नगाड़ों के साथ आरोपियों के घर पहुंचकर इश्तेहार चस्पा करेगी.

इश्तेहार जारी होने वाले आरोपियों में महिलाएं भी शामिल

कोर्ट से जिन सात आरोपियों के खिलाफ इश्तेहार जारी किया गया है, वे सभी पारू थाना क्षेत्र के कटारू गांव के रहने वाले हैं. इनमें मो. अलाउद्दीन अंसारी, मो. नासिर, मो. शहाबुद्दीन अंसारी, कसीदा खातून, जुलेखा खातून, चांदनी खातून और खैरून निशा शामिल हैं. केस के आईओ दारोगा मुन्ना कुमार ने बताया कि अगर तय समय के भीतर इन सभी आरोपियों ने कोर्ट या थाने में सरेंडर नहीं किया, तो पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत इनके घरों की कुर्की-जब्ती करेगी. इस हत्याकांड में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.

क्या था पूरा मामला?

यह खौफनाक वारदात 19 मई 2023 की रात को अंजाम दी गई थी. मूल रूप से पारू के रहने वाले पेंटर शहीद अंसारी की एसडीओ पूर्वी कार्यालय परिसर में लाठी-डंडों और लोहे के रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मृतक की पत्नी शकीला खातून के फर्द बयान पर नगर थाने में 16 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.

घरारी और जमीन विवाद में की गई थी हत्या

मृतक की पत्नी शकीला खातून ने पुलिस को बताया था कि गांव में घरारी (जमीन) के विवाद को लेकर आरोपी उनसे रंजिश रखते थे. घटना की रात सभी आरोपी लाठी, डंडा, रस्सी, फट्ठा और साइकिल का रॉड लेकर अनुमंडल कार्यालय पूर्वी के परिसर में घुस आए. आरोपियों ने शहीद अंसारी को घेर लिया और "तुम लोगों को नेस्तनाबूद कर देंगे \" की धमकी देते हुए बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. सिर फटने और पैर टूटने के कारण शहीद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था. पति को बचाने दौड़ी शकीला के साथ भी मारपीट की गई थी, जिसके बाद शोर मचने पर सभी आरोपी भाग निकले थे. अब इस मामले में फरार चल रहे आरोपियों पर पुलिस का शिकंजा पूरी तरह कस गया है.


विज्ञापन
Chandan

लेखक के बारे में

By Chandan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन