Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव, ड्यूटी से लौट रहे अस्पताल कर्मी को मारी गोली

Edited by Aaruni Thakur
Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के करजा में बेखौफ अपराधियों ने ड्यूटी से लौट रहे अस्पताल कर्मी मनीष कुमार को गोली मारकर बाइक लूट ली. घायल का इलाज निजी अस्पताल में जारी है. पुलिस सीसीटीवी खंगाल कर मामले की गहन जांच कर रही है. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

Crime News: बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों का हौसला इस कदर बुलंद है कि वे पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहे हैं. आए दिन जिले के किसी न किसी इलाके से लूट और छिनतई की वारदातें सामने आ रही हैं. ताजा मामला करजा थाना क्षेत्र का है, जहां बेखौफ बदमाशों ने रात के अंधेरे में एक अस्पताल कर्मी को अपना शिकार बनाया और गोली मारकर उसकी बाइक लूट ली. इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है.

गोली मारकर लूट ली बाइक

मिली जानकारी के अनुसार, करजा थाना क्षेत्र के रुपौली में बुधवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने मनीष कुमार नामक युवक को गोली मार दी. गोली सीधे मनीष के बाएं पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. इसके बाद अपराधी उसकी बाइक लूटकर मौके से फरार हो गए. घटना के वक्त गोली चलने की तेज आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग इकट्ठा हुए, तब तक अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे. स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल मनीष को बैरिया स्थित एक अस्पताल में पहुंचाया. बाद में बेहतर इलाज के लिए परिजन उसे दूसरे निजी अस्पताल ले गए, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है.

ड्यूटी से लौट रहा था शख्स

बताया जा रहा है कि पीड़ित मनीष कुमार पानापुर करियात का रहने वाला है और वह मुजफ्फरपुर के केजरीवाल अस्पताल में कार्यरत है. बुधवार रात जब वह अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने गांव लौट रहा था, तभी रुपौली चौक के पास पीछे से आ रहे बाइक सवार अपराधियों ने उसे ओवरटेक करके रोक लिया. बदमाशों ने हथियार के बल पर बाइक लूटने की कोशिश की. जब मनीष ने इसका कड़ा विरोध किया, तो गुस्साए अपराधियों ने उसके पैर में गोली मार दी और आसानी से बाइक लेकर चंपत हो गए.

खोज में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. करजा थानेदार रामकृष्ण परमहंस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिल गई है. पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की बारीकी से छानबीन की है. पुलिस अपराधियों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि लुटेरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके.

विज्ञापन
Aaruni Thakur

लेखक के बारे में

By Aaruni Thakur

प्रभात खबर में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत आरुणि ठाकुर, पत्रकारिता के क्षेत्र में गहरी रुचि रखते हैं। देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद, वर्तमान में वे समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर कर रहे हैं। विस्तार न्यूज और इंडिया न्यूज जैसे संस्थानों में अनुभव प्राप्त आरुणि को हाइपरलोकल खबरों, राजनीति और डॉक्यूमेंट्री निर्माण में विशेष रुचि है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन