मुजफ्फरपुर में 1728 लीटर अवैध शराब जब्त, कंटेनर-स्कॉर्पियो से बरामदगी; 2 तस्कर गिरफ्तार
जब्त कंटेनर व स्कॉर्पियो
मुजफ्फरपुर में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है. कंटेनर और स्कॉर्पियो से कुल 1728 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त की गई है. इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.
मुजफ्फरपुर: जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाये जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बेनिबाद थाना और पानापुर ओपी क्षेत्र में हुई कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है. पूरे मामले की जानकारी डीएसपी पूर्वी-1 अलय वत्स ने प्रेस वार्ता के दौरान दी.
NH-27 के पास कंटेनर से 1486 लीटर शराब बरामद
डीएसपी पूर्वी-1 अलय वत्स ने बताया कि 8 सितंबर 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बेनिबाद थाना पुलिस ने NH-27 के पास एक कंटेनर वाहन की तलाशी ली.
तलाशी के दौरान कंटेनर से 1486.44 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने मौके से ओडिशा के बालासोर निवासी रघुनाथ सहनी और मुजफ्फरपुर जिले के पियर निवासी रूपेश राम को गिरफ्तार किया.
पानापुर में स्कॉर्पियो से 242 लीटर शराब जब्त
इसी क्रम में पानापुर ओपी क्षेत्र के पानापुर गांव के पास भी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. पुलिस ने एक स्कॉर्पियो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली.
तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से 242.28 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई. इस मामले में एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है.
शराब के साथ वाहन और 5200 डिजिटल बिजली मीटर जब्त
पुलिस के अनुसार, दोनों कार्रवाई में कुल 1728.75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी. इसके अलावा एक ट्रक, एक कंटेनर, एक स्कॉर्पियो, एक मोटरसाइकिल, एक कीपैड मोबाइल और 5200 पीस डिजिटल बिजली मीटर भी जब्त किये गये हैं.
पुलिस अब शराब और जब्त सामान के स्रोत तथा इसके परिवहन से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है.
बेनिबाद और पानापुर में प्राथमिकी दर्ज
मामले को लेकर बेनिबाद थाना और पानापुर ओपी (मीनापुर थाना) में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर में दो थानेदार निलंबित, औराई में लूट को चोरी में दर्ज करने और पारू में लापरवाही का आरोप
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए