मुजफ्फरपुर जेल में रक्षाबंधन पर विशेष व्यवस्था, बिना स्लॉट बुक किए भी पहुंचेगी राखी
मुजफ्फरपुर सेंट्रल जेल
मुजफ्फरपुर केंद्रीय कारा में रक्षाबंधन पर बहनों के लिए विशेष इंतजाम। स्लॉट बुक न होने पर भी जेल प्रशासन पहुंचाएगा भाई तक राखी और मिठाई। पूरी जानकारी पढ़ें।
मुजफ्फरपुर जेल रक्षाबंधन: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुजफ्फरपुर के शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में बंद कैदी भाइयों को राखी बांधने की उम्मीद लगाए बहनों के लिए जेल प्रशासन ने राहत भरी व्यवस्था की है. अगर किसी कारणवश ई-मुलाकाती पोर्टल पर आपका ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं हो पाया है, तो भी निराश होने की आवश्यकता नहीं है. जेल प्रबंधन ने बहनों की भावनाओं और त्योहार की महत्ता को देखते हुए पुख्ता व संवेदनशील प्रबंध किए हैं.
आपके शहर में
रजिस्टर्ड बहनों को मिलेगी सीधे मुलाकात की सुविधा
जेल अधीक्षक युसूफ रिजवान ने बताया कि पर्व के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया है. जिन बहनों ने ई-मुलाकाती पोर्टल पर पहले से स्लॉट बुक कर रखा है, उन्हें परिसर के भीतर जाकर अपने भाइयों से सीधे मिलने की अनुमति मिलेगी. इसके लिए सुबह 8:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक विशेष विंडो खोली जाएगी, जहां बहनें अपने हाथों से भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकेंगी.
बिना स्लॉट वाली बहनों के लिए गेट पर विशेष काउंटर
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन से वंचित रह गई बहनों की सुविधा के लिए जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर अलग व्यवस्था की गई है:
- जेल के मुख्य द्वार पर दो सुरक्षाकर्मियों की विशेष तैनाती की गई है, जो बहनों से राखी और मिठाई प्राप्त करेंगे.
- बहनें अपने पहचान पत्र (आधार कार्ड) की छायाप्रति संलग्न कर मिठाई और राखी जमा कर सकेंगी.
- सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत जमा कराई जाने वाली मिठाई की पहले बहनों से जांच (चखने की प्रक्रिया) कराई जाएगी.
- जांच पूरी होने के बाद जेल प्रशासन द्वारा यह राखी और मिठाई संबंधित बंदी भाई तक सुरक्षित पहुंचा दी जाएगी.
जेल प्रशासन की इस मानवीय पहल से कारागार में बंद हर भाई तक उसकी बहन का स्नेह और रक्षासूत्र आसानी से पहुंच सकेगा.
ये भी पढ़ें: डबल मर्डर में शवों की पहचान के लिए होगा डीएनए टेस्ट, बेटी से कराया जाएगा मिलान, आरोपी भाई पर चलेगा स्पीडी ट्रायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए