देश सेवा करते हुए कांटी के लाल ने तोड़ा दम: आईटीबीपी जवान की हृदयाघात से मौत, पटना एयरपोर्ट रवाना हुए परिजन
AI GENERATED IMAGE
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान गणेश सहनी का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया. इस खबर से उनके पैतृक गांव लसकरीपुर में शोक की लहर दौड़ गई.
Muzaffarpur News: कांटी प्रखंड क्षेत्र के लसकरीपुर गांव निवासी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 45 वर्षीय जवान गणेश सहनी का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान मंगलवार को हृदयाघात (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया. बुधवार को जैसे ही यह हृदयविदारक खबर उनके पैतृक गांव लसकरीपुर पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. लसकरीपुर निवासी नंदकिशोर सहनी के पुत्र गणेश सहनी वर्तमान में दिल्ली में पदस्थापित थे और वहीं देश सेवा में अपनी सेवाएं दे रहे थे.
परिजनों में मचा चीत्कार, सांत्वना देने पहुंचे लोग
जवान के असामयिक निधन की सूचना मिलते ही उनकी धर्मपत्नी, दो पुत्रों, वृद्ध पिता, भाइयों सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया. स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के होनहार लाल के चले जाने से पूरा लसकरीपुर गांव गमगीन हो गया. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय जनप्रतिनिधि शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचे. मुखिया इंद्रमोहन झा, दिलीप साह, चंचल गोस्वामी सहित अन्य लोगों ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और इस कठिन घड़ी में ढांढस बंधाया.
इलाज के दौरान तोड़ा दम, पटना एयरपोर्ट रवाना हुए परिजन
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को ड्यूटी पर तैनाती के दौरान ही गणेश सहनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. सीने में तेज दर्द और हृदयाघात के लक्षण दिखने पर सहकर्मियों द्वारा उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के भरसक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. बुधवार की शाम सैन्य सम्मान के साथ विशेष विमान से उनका पार्थिव शरीर पटना एयरपोर्ट पर पहुंचने की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही जवान के भाई मुनटुन सहनी, रिश्तेदार चंचल गोस्वामी, संजय कुमार, चुन्नू सहनी, दिनेश पासवान सहित कई ग्रामीण पार्थिव शरीर को लेने के लिए पटना रवाना हो गए.
प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने जताया गहरा शोक
आईटीबीपी जवान के आकस्मिक निधन पर क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है. प्रमुख कृपाशंकर शाही, मुखिया नवीन कुमार उर्फ शशि ठाकुर, जन सुराज नेता सुदर्शन मिश्र, मुखिया अनिल चौबे, सेना में सूबेदार रहे नंद किशोर ठाकुर, चंद्रभूषण सिंह के अलावा कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) किशन चन्द्रायण और अपर थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार चौरसिया ने जवान की शहादत और सेवा को नमन करते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में खाकी शर्मसार: थाने से घूस लेकर छोड़ा बदमाश, ऑडियो वायरल होते ही दारोगा, सिपाही और चौकीदार सस्पेंड
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए