गाजियाबाद में सड़क हादसे का शिकार हुआ पारू का युवक, दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

गाजियाबाद में सड़क हादसे का शिकार हुआ पारू का युवक
गाजियाबाद के लोनी में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मुजफ्फरपुर के युवक की मौत हो गई। परिवार में मातम का माहौल है। पूरी खबर यहाँ विस्तार से पढ़ें।
Ghaziabad road accident: मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के विशुनपुर जीवनारायन गांव के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव निवासी विष्णुदत पांडे के बड़े पुत्र प्रभात पाण्डे (प्रभात कुमार पांडे) की उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद (विकास कुंज, लोनी) में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. प्रभात गाजियाबाद में अपने पूरे परिवार के साथ रहकर मजदूरी करते थे और घर का भरण-पोषण करते थे.
पैदल सब्जी लेने जाने के दौरान अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रभात पांडे शाम को पैदल ही बाजार से सब्जी लेने जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रभात को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी.
दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत, वहीं हुआ अंतिम संस्कार
प्रभात की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल रेफर कर दिया था. हालांकि, डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. दिल्ली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद गमगीन माहौल में परिजनों ने दिल्ली में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया.
पैतृक गांव में पसरा सन्नाटा, परिजनों में कोहराम
प्रभात अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी. जैसे ही उनकी मौत की खबर पारू स्थित उनके पैतृक गांव विशुनपुर जीवनारायन पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. अचानक आए इस संकट से हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह टूट चुका है और माता-पिता समेत पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Premanshu Shekhar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










