मध्य विद्यालय के जर्जर किचन को दुरुस्त करने और शिक्षा समिति चुनाव कराने की मांग

मध्य विद्यालय गनीपुर बेझा परिसर में बैठक
मुजफ्फरपुर के मध्य विद्यालय गनीपुर बेझा में जनप्रतिनिधियों ने जर्जर किचन भवन की मरम्मत और शिक्षा समिति के पुनर्गठन की मांग की. डेढ़ साल से चुनाव लंबित होने पर जताई गई नाराजगी. बैठक के बाद पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश.
Muzaffarpur News: सकरा प्रखंड के मध्य विद्यालय गनीपुर बेझा में बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों की बैठक भी हुई, जिसमें विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षा समिति के पुनर्गठन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई.
शिक्षा समिति के चुनाव की मांग
बैठक में बताया गया कि विद्यालय शिक्षा समिति का कार्यकाल करीब डेढ़ वर्ष पहले समाप्त हो चुका है, लेकिन अब तक नए सिरे से चुनाव नहीं कराया गया है. इस पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी जताई.
मुखिया प्रतिनिधि इरशाद अहमद उर्फ मो. दुलारे ने प्रधानाध्यापक से जल्द आमसभा बुलाकर शिक्षा समिति का पुनर्गठन कराने की मांग की.
जर्जर किचन भवन की मरम्मत पर जोर
मुखिया प्रतिनिधि ने विद्यालय की बदहाल स्थिति और जर्जर किचन भवन की मरम्मत कराने की भी मांग की. इस पर प्रधानाध्यापक भरत महतो ने बताया कि कुछ महीने पहले आमसभा के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन पर्याप्त लोग नहीं पहुंचे. उन्होंने कहा कि जल्द ही दोबारा आमसभा की सूचना जारी कर शिक्षा समिति का पुनर्गठन कराया जाएगा और किचन भवन की मरम्मत के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
समिति अध्यक्ष ने भी जताई नाराजगी
विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष जीनत खातून ने कहा कि वे केवल नाम मात्र की अध्यक्ष हैं और विद्यालय से जुड़े किसी भी निर्णय या गतिविधि की जानकारी उन्हें नहीं दी जाती.
बैठक के बाद किया पौधारोपण
बैठक के समापन के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.
कार्यक्रम में धर्मेंद्र पासवान, राजेश सहनी, गोविंद राम, अशोक शर्मा, विश्वनाथ कुमार, राजू चौधरी, मो. सद्दाम, मो. इरशाद उर्फ दुलारे, जीनत खातून, गीता देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By इम्तेयाज अहमद
इम्तेयाज अहमद को पत्रकारिता के क्षेत्र में 23 वर्षों का समृद्ध अनुभव है. क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है. वह निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










