सब स्टेशन के फीडरों में बिजली संकट गहराया, 50 से अधिक गांवों में ब्लैकआउट

Author Shayam kumar|Edited by Sumit Kumar
Updated:
विज्ञापन

मेंटेनेंस के दावों के बीच 50 गांवों में पसरा अंधेरा, हाहाकार

विज्ञापन

Power cut Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी अंतर्गत अख्तियारपुर पड़ेया सब स्टेशन से जुड़े फीडरों में बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है. विभाग द्वारा मेंटेनेंस और ट्री-कटिंग (पेड़ों की टहनियों की छंटाई) के नाम पर आए दिन घंटों अघोषित बिजली कटौती की जा रही है, लेकिन धरातल पर बिजली सुधार के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं. गुरुवार को इस बदहाल व्यवस्था के कारण हजारों उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुबह लोड शेडिंग, फिर 11 केवी लाइन पर टहनी गिरने से ब्रेकडाउन

गुरुवार को सब स्टेशन से जुड़े बलड़ा इस्माइल फीडर में अहले सुबह पहले तो लोड शेडिंग के नाम पर कई घंटों तक बिजली गुल रखी गई. इसके बाद जब किसी तरह आपूर्ति बहाल की गई, तो कुछ ही देर में फीडर अचानक ब्रेकडाउन हो गया.नतीजतन, फीडर से जुड़े 50 से अधिक गांवों की बत्ती पूरी तरह गुल हो गई. विभागीय कर्मियों के अनुसार, 11 केवी हाईटेंशन लाइन के ऊपर पेड़ की एक भारी टहनी (छज्जा) टूटकर गिर जाने के कारण यह तकनीकी खराबी आई.

भीषण गर्मी और पेयजल के लिए मचा हाहाकार

अचानक हुए इस बड़े ब्रेकडाउन के कारण बलड़ा इस्माइल फीडर के अंतर्गत आने वाले 50 से अधिक गांवों में बिजली के साथ-साथ पेयजल आपूर्ति भी पूरी तरह ठप हो गई. भीषण गर्मी और उमस के बीच घरों में पानी खत्म होने से उपभोक्ताओं के बीच हाहाकार मच गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन मेंटेनेंस के नाम पर घंटों कटौती की जाती है, फिर भी हल्की हवा चलने या मामूली वजहों से पूरा सिस्टम घंटों के लिए ठप हो जाता है.

युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य जारी, उपभोक्ताओं में आक्रोश

बिजली संकट को लेकर कनीय विद्युत अभियंता और सब स्टेशन के अधिकारियों का कहना है कि फॉल्ट की जानकारी मिलते ही विभागीय कर्मियों की टीम को पेट्रोलिंग पर लगाया गया. पेड़ की टहनी हटाने और क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मती कार्य जारी है. अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही सभी प्रभावित गांवों में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, लेकिन बार-बार की इस अघोषित कटौती और तकनीकी गड़बड़ी से स्थानीय उपभोक्ताओं में विभाग के प्रति भारी आक्रोश है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन