मिठनपुरा में रास्ता पूछने के बहाने रोका, पलक झपकते ही मेकअप आर्टिस्ट की सोने की चेन लेकर फरार

Updated:
विज्ञापन

मौके पर पहुंची मिठनपुरा थाना पुलिस

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मिठनपुरा के मालीघाट में बाइकर्स गैंग ने एक मेकअप आर्टिस्ट से सरेराह सोने की चेन छीन ली. महिला तीज की खरीदारी कर घर लौट रही थी, जब रास्ता पूछने के बहाने बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर: मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मालीघाट में बाइकर्स गैंग के अपराधियों ने रविवार की रात करीब नौ बजे सिविल इंजीनियर की पत्नी और पेशे से मेकअप आर्टिस्ट प्रतिभा उपाध्याय के गले से सोने की चेन झपट ली. वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दोनों बदमाश पलक झपकते ही फरार हो गये. घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

विज्ञापन

ससुर संग तीज की खरीदारी कर घर लौट रही थीं पीड़िता

घटना के संबंध में पीड़िता प्रतिभा उपाध्याय ने बताया कि वह आगामी तीज पर्व को लेकर बाजार में खरीदारी करने गयी थीं. खरीदारी पूरी करने के बाद घर लौटने के लिए उन्होंने रैपिडो बाइक बुक की थी.

रास्ते में माखन स्वीट्स के पास रुककर उन्होंने परिवार के लिए मिठाई खरीदी. उस समय उनके ससुर भी साथ थे. मिठाई लेने के बाद उनके ससुर गली के मुहाने पर किसी काम से रुक गये, जबकि प्रतिभा पैदल अपनी गली में घर की ओर आगे बढ़ने लगीं.

रास्ता पूछने के बहाने रोका और झपट ली चेन

पीड़िता के अनुसार, वह जैसे ही अपने घर के पास पहुंचीं, सामान्य बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे. दोनों की उम्र करीब 40 से 42 वर्ष के बीच बतायी गयी है. दोनों ने न तो मास्क लगा रखा था और न ही हेलमेट पहना था.

बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने बाइक रोकी और पूछा, “क्या यह गली बंद है?” पास में मौजूद पीड़िता की जेठानी/भाभी ने जवाब दिया कि आगे रास्ता बंद है. इसी बातचीत के दौरान बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर पीड़िता के गले से 11.7 ग्राम वजन की सोने की चेन तोड़ ली.

शोर मचाने पर रामबाग की ओर भागे अपराधी

अचानक हुई घटना से पीड़िता सहम गयीं, लेकिन उन्होंने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया. आसपास के लोग और परिजन मदद के लिए बाहर निकलते, इससे पहले ही दोनों बदमाश तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए रामबाग की दिशा में फरार हो गये.

पीड़िता ने बताया कि उनके पति मनीष कुमार उपाध्याय सिविल इंजीनियर हैं और वह खुद मेकअप आर्टिस्ट हैं. झपटी गयी सोने की चेन का वजन 11.7 ग्राम था.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद मिठनपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस नाकाबंदी कर इलाके और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए फुटेज की जांच कर रही है. मिठनपुरा पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों का सुराग लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा.

यह भी पढ़ें

मुजफ्फरपुर में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 136 ग्राम हेरोइन के साथ 5 गिरफ्तार; 27 लाख से अधिक की खेप बरामद

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन