BRABU में नामांकन प्रक्रिया पूरी, अब समर्थ पोर्टल से भरेंगे रजिस्ट्रेशन और परीक्षा फॉर्म
बीआरएबीयू, मुजफ्फरपुर
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक सत्र 2026-30 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है. अब सभी छात्र-छात्राएं समर्थ पोर्टल से ही अपने रजिस्ट्रेशन और परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे. पुराने सत्रों का डेटा भी इसी पोर्टल पर शिफ्ट होगा.
Muzaffarpur News: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के अंगीभूत एवं संबद्ध कॉलेजों में चार वर्षीय स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त हो गयी है. विश्वविद्यालय की ओर से छह मेरिट लिस्ट जारी करने के बाद ऑन-स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया भी पूरी कर ली गयी. इस सत्र में कुल 1,39,328 छात्र-छात्राओं ने नामांकन लिया है. अब नामांकित विद्यार्थियों का डेटा विश्वविद्यालय के यूएमआईएस पोर्टल से राज्य सरकार के समर्थ पोर्टल पर स्थानांतरित करने की तैयारी शुरू होगी.
छह मेरिट लिस्ट के बाद ऑन-स्पॉट एडमिशन भी पूरा
सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छह मेरिट लिस्ट जारी की गयी थीं. इसके बाद खाली सीटों पर ऑन-स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की गयी. प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय में कुल 1,39,328 विद्यार्थियों का नामांकन दर्ज हुआ है. छात्र कल्याण अध्यक्ष कार्यालय से नामांकन क्लोज करने की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद अब अगली प्रक्रिया शुरू होगी.
यूएमआईएस से समर्थ पोर्टल पर शिफ्ट होगा डेटा
नामांकन प्रक्रिया यूएमआईएस पोर्टल के माध्यम से पूरी होने के बाद अब सभी नामांकित विद्यार्थियों का डेटा समर्थ पोर्टल पर ट्रांसफर किया जाएगा. यूएमआईएस इंचार्ज डॉ. सर्वेश दुबे ने बताया कि नामांकन क्लोज होने की अधिसूचना जारी होते ही डेटा ट्रांसफर का काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा.
समर्थ पोर्टल से ही भरे जाएंगे रजिस्ट्रेशन और परीक्षा फॉर्म
लोकभवन के निर्देश के अनुसार स्नातक विद्यार्थियों का पंजीयन और आगामी परीक्षाओं के परीक्षा फॉर्म अब समर्थ पोर्टल के माध्यम से ही भरे जाएंगे. विश्वविद्यालय के शैक्षणिक मॉड्यूल को समर्थ पोर्टल पर सक्रिय करने की प्रक्रिया इसी व्यवस्था के तहत आगे बढ़ायी जा रही है.
पुराने तीन सत्रों का डेटा भी होगा ट्रांसफर
सिर्फ सत्र 2026-30 का डेटा ही समर्थ पोर्टल पर शिफ्ट नहीं किया जाएगा. स्नातक के सत्र 2023-27, 2024-28 और 2025-29 का पूरा डेटा भी यूएमआईएस से समर्थ पोर्टल पर स्थानांतरित किया जाएगा. इन सत्रों के विभिन्न सेमेस्टर की आगामी परीक्षाओं के परीक्षा फॉर्म भी समर्थ पोर्टल से ही भरे जाएंगे.
39 नए कॉलेज खुलने के बावजूद घटा नामांकन
सत्र 2026-30 से विश्वविद्यालय से संबद्ध छह जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों में 39 नए राजकीय डिग्री कॉलेज और कई नए संबद्ध कॉलेज शुरू हुए. इससे सीटों की संख्या बढ़ी, लेकिन इसके बावजूद इस सत्र में पिछले चार वर्षों की तुलना में सबसे कम करीब 1.39 लाख नामांकन दर्ज हुआ.
वर्ष 2023 में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम लागू होने के बाद शुरुआती सत्र में 1.52 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने नामांकन लिया था. इसके बाद प्रत्येक सेमेस्टर के साथ छात्रों की संख्या में कमी दर्ज की गयी. पहले सत्र के करीब 1.52 लाख विद्यार्थियों में से छठे सेमेस्टर तक लगभग 85 हजार छात्र ही पहुंच सके हैं.
ये भी पढ़ें: त्योहारों में कंफर्म टिकट की नो टेंशन, पूर्व मध्य रेलवे ने पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल को दिया सेवा विस्तार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए