21 दिनों में 5वीं बार मुजफ्फरपुर जंक्शन की बिजली गुल, रेल प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
एडीआरएम ने पावर सब-स्टेशन का किया निरीक्षण
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर एक बार फिर रेल प्रशासन की अव्यवस्था का खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ा. महज 21 दिनों में यह पांचवीं बार है जब जंक्शन की बिजली आपूर्ति ठप हुई है. इस बार साढ़े चार घंटे तक बिजली गुल रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
Muzaffarpur Railway Station Power Cut: मुजफ्फरपुर जंक्शन पर शुक्रवार को एक बार फिर रेल प्रशासन की लाचार व्यवस्था का खामियाजा यात्रियों और रेलकर्मियों को भुगतना पड़ा. सुबह करीब आठ बजे मेन सप्लाई लाइन में आई तकनीकी खराबी के कारण जंक्शन की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जो दोपहर 12:30 बजे जाकर बहाल हो सकी. साढ़े चार घंटे तक बिजली गुल रहने से पूरे जंक्शन परिसर में हाहाकार मचा रहा. हैरान करने वाली बात यह है कि इस महीने में महज 21 दिनों के भीतर 5वीं बार जंक्शन पर इस तरह का पावर कट हुआ है. लगातार दोहराई जा रही इस लापरवाही ने रेल प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 21 दिनों में 5वीं बार घटी घटना, उठने लगे सवाल
आपके शहर में
- 2 अगस्त : पहली बार 33 हजार केवी लाइन में फॉल्ट से बिजली ठप हुई थी.
- 7 अगस्त : 7 से 8 घंटे तक पूरे जंक्शन पर बिजली बंद रही.
- 13 अगस्त : गुरुवार को एक बार फिर 5 घंटे के लिए बिजली सप्लाई ठप हो गई.
- 15 अगस्त : जंक्शन पर करीब 4 घंटे बिजली बंद रही.
- 21 अगस्त : जंक्शन पर करीब साढे 4 घंटे पावर कट
Muzaffarpur Junction News: निरीक्षण करने पहुंचे एडीआरएम, पावर सब-स्टेशन का लिया जायजा
बार-बार हो रही इस गंभीर लापरवाही की सूचना मिलते ही समस्तीपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) सीनियर इलेक्ट्रिकल अधिकारियों के साथ दोपहर में मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचे. उन्होंने पावर सब-स्टेशन का बारीकी से निरीक्षण किया और तकनीकी खामियों पर अधिकारियों से जवाब-तलब किया. एडीआरएम ने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति किसी भी कीमत पर न हो. इसके बाद उन्होंने कंबाइंड टर्मिनल बिल्डिंग में क्रू-लॉबी, आरपीएफ पोस्ट और डीसीआइ कार्यालय का भी जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान एरिया ऑफिसर रवि शंकर महतो, स्टेशन अधीक्षक शिवदास, आरपीएफ इंस्पेक्टर मनीष कुमार और डीसीआइ राजेश रंजन समेत कई अधिकारी उपस्थित थे.
Railway Station Facilities: वेटिंग रूम में उमस, वाटर वेंडिंग मशीनें रही ठप
बिजली कटते ही प्लेटफॉर्म पर ट्रेन का इंतजार कर रहे हजारों यात्री भीषण गर्मी और उमस से बेहाल हो गए. वेटिंग रूम में उमस से यात्रियों की परेशानी दोगुनी हो गई. सबसे खराब हाल पेयजल व्यवस्था का रहा, बिजली न होने से जंक्शन पर लगी वाटर वेंडिंग मशीनें ठप पड़ गई, जिससे यात्री ठंडे पानी के लिए तरसते नजर आए. ठंडे पानी की मांग बढ़ी, लेकिन कूलिंग रहा ठप बिजली गुल होने का सीधा असर जंक्शन स्थित खान-पान के स्टॉलों पर भी पड़ा. रेफ्रिजरेटर बंद रहने के कारण स्टॉलों में रखी दही, लस्सी और अन्य शीतल पेय पदार्थ गर्म हो गए. पैकेट बंद पीने के पानी और ठंडे पेय की मांग अचानक बढ़ गई, लेकिन कूलिंग न होने से लोगों को मायूस होना पड़ा.
Muzaffarpur Junction Power Crisis: रेलवे क्वार्टर से लेकर सीटीबी तक हाहाकार
गर्मी की मार से केवल यात्री ही नहीं, बल्कि ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मी भी नहीं बच सके. हाल ही में कंबाइंड टर्मिनल बिल्डिंग में शिफ्ट हुए क्रू-लॉबी, आरपीएफ, डीसीआइ और टीटीई कार्यालयों में बिना पंखे और एसी के अधिकारी व कर्मचारी पसीने से तरबतर होकर काम करने को मजबूर रहे. वहीं सभी रेलवे क्वार्टर का पावर कट रहने से रेल कर्मी परेशान रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए