गरीबरथ व पैसेंजर ट्रेन पर पथराव यात्रियों पर लाठीचार्ज, कई जख्मी
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Jan 2020 9:54 AM
विज्ञापन
मुजफ्फरपुर : सिपाही भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों ने रविवार की रात भी जंकशन पर उपद्रव किया. सहरसा से आनंदविहार जाने वाली गरीबरथ एक्सप्रेस व समस्तीपुर से सोनपुर जाने वाली ट्रेन पर कब्जा जमा लिया. ट्रेन में सवार यात्रियों का सामान भी बाहर फेंक दिया. जिसका विरोध करने पर पथराव कर दिया. जिससे कई […]
विज्ञापन
मुजफ्फरपुर : सिपाही भर्ती परीक्षा देकर लौट रहे अभ्यर्थियों ने रविवार की रात भी जंकशन पर उपद्रव किया. सहरसा से आनंदविहार जाने वाली गरीबरथ एक्सप्रेस व समस्तीपुर से सोनपुर जाने वाली ट्रेन पर कब्जा जमा लिया. ट्रेन में सवार यात्रियों का सामान भी बाहर फेंक दिया. जिसका विरोध करने पर पथराव कर दिया.
जिससे कई यात्री जख्मी हो गये. वही परीक्षार्थियों के कारण जंकशन पर ट्रेन पकड़ने के लिए खड़े से दर्जनों यात्रियों की ट्रेन छूट गयी. वे जंक्शन पर टिकट वापस करने के लिए हंगामा भी किये. मौजूद अधिकारियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन यात्रियों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी. जीआरपी मौके पर पहुंची तो उनसे भी भिड़ गयी.
इस पर पुलिस ने लाठी चटकाना शुरू कर दिया. इसमें दर्जनों यात्री चोटिल हो गये. पुलिस के खिलाफ यात्रियों ने नारेबाजी कर दी. काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा.बाद में गरीबरथ एक्सप्रेस को रामदयालु में रोक कर यात्रियों को समस्तीपुर सोनपुर ट्रेन से भेजा गया. जख्मी नितिन शर्मा ने कहा कि उसकी सीट कंफर्म थी.लेकिन भीड़ के वजह से नहीं चढ़ सका. जब टिकट का पैसा रिटर्न की बात कही गयी तो पुलिस ने लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया.
यात्री रमेश झा ने बताया कि परीक्षार्थी ने गेट जाम कर दिया. इस वजह से वह नहीं चढ़ सके.उसके हाथ में गंभीर चोट आयी है. जीआरपी थानाध्यक्ष नंद किशोर सिंह ने लाठीचार्ज की बात से इनकार किया है. बता दें कि शनिवार की रात भी बाघ एक्सप्रेस व राजधानी एक्सप्रेस के कई बोगियों के शीशे को पथराव कर तोड़ दिया गया था.
गलत एनाउंस से अफरातफरी
दूसरी पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद जब परीक्षार्थी प्लेटफॉर्म पर पहुंच तो उन्हें बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर हाजीपुर रूट की ट्रेन आ रही है. इस पर सैकड़ों की संख्या में परीक्षार्थी पांच नंबर पर पहुंचे. लेकिन, इसी बीच ट्रेन प्लेटफॉर्म संख्या चार पर आ गयी. इससे वहां अफरातफरी मच गयी. इसको लेकर परीक्षार्थियों ने नारेबाजी की. पुलिसकर्मी भी इस वजह से परेशान रहे. परीक्षार्थियों ने कहा कि इस तरह की लापरवाही के वजह से परेशानी हो रही है.
शौचालयकर्मी काे भी पीटा
मुजफ्फरपुर . परीक्षार्थियों ने सुबह में जंक्शन पर कब्जा जमा लिया. प्लेटफॉर्म संख्या दो पांच के पास शौचालय में पैसा नहीं देने पर कर्मचारी व परीक्षार्थी में विवाद हो गया. इसी दौरान कुछ परीक्षार्थियों ने शौचालय कर्मचारी को पीट दिया. मारपीट होते देख अन्य परीक्षार्थी भी वहां पहुंच गये.
इसके बाद कर्मचारी वहां से भाग गया. दोपहर 12 बजे पहली पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद सैकड़ों की संख्या में हाजीपुर व बेतिया रूट के परीक्षार्थी जंक्शन पर पहुंचे. एनाउंस किया कि रक्सौल से पाटलिपुत्र जाने वाली सवारी गाड़ी प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर लगी है. इस पर सैकड़ों परीक्षार्थी प्लेटफॉर्म पर कब्जा जमा लिया.
थोड़ी देर तक प्लेटफॉर्म से ट्रेन के नहीं खुलने पर बोगी के बाहर निकल कर पूछताछ की. सही बात नहीं बताने पर परीक्षार्थियों ने हंगामा कर दिया. गार्ड को बाेगी से बाहर निकालने का प्रयास किया. वहां मौजूद आरपीएफ व जीआरपी ने किसी तरह से परीक्षार्थियों को शांत किया. इसी बीच सूचना दी गयी कि टाटा छपरा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म तीन से जायेगी. इसके बाद परीक्षार्थियों ने हंगामा करते हुए एसी व स्लीपर बोगी में कब्जा जमा लिया.
इस वजह से यात्रियों ने हंगामा भी किया. इसके बाद यात्रियों ने पोरबंदर एक्सप्रेस, मिथिला एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस, सीवान समस्तीपुर सवारी, नरकटियागंज सवारी, टाटा छपरा एक्सप्रेस, मौर्य एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस सहित दर्जनों ट्रेनों पर कब्जा जमाये रखा. इस बीच यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
सुरक्षा को ध्यान में रखते अतिरिक्त पुलिस तैनात
हाजीपुर में देर रात हुई तोड़फोड़ को देखते हुए आरपीएफ व जीआरपी अतिरिक्त बल की तैनाती की थी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल एसपी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में जीआरपी की टीम व आरपीएफ एरिया कमांडेंट के नेतृत्व में आरपीएफ दल बल के साथ मौजूद थे. भीड़ को देखते हुए कई बार पुलिसकर्मियों ने बल का भी प्रयोग किया. वहीं, रेलवे की ओर से जंक्शन पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों भी मौजूद थी.
दोपहर 1.25 से 2.20 बजे तक पैनल फेल, रुक गयीं ट्रेनें
परीक्षार्थियों का दबाव को देखते हुए पुलिस विभाग से लेकर परिचालन विभाग तक सतर्क था. इसी बीच दोपहर करीब 1.25 बजे पैनल फेल हो गया. इससे परिचालन विभाग में हड़कंप मच गया. जिससे टाटा-छपरा, गोदिंया एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र सवारी गाड़ी सहित कई ट्रेनें रुक गयी. इस वजह से परीक्षार्थियों ने प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर जमकर हंगामा किया.
हंगामा को देख जब पुलिस कर्मियों ने ट्रेन चलाने को कहा तो पता चला पैनल फेल है. परिचालन विभाग ने कहा कि हम किसी भी हाल में ट्रेन नहीं चला सकते है. आउटर के पास प्वाइंट नहीं बन रहा है. इस कारण ट्रेनें पास नहीं हो पायेगी.
सूचना पर जीआरपी थानेदार मौके पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली. लेकिन, इस तरह के जवाब के बाद वह बाहर निकल गये. फिर परिचालन विभाग ने ट्रेनों को देर रात तक मैनुअल पर चलाया.
स्पेशल ट्रेन चलाने से परीक्षार्थियों को मिली राहत : हाजीपुर में हुइ तोड़फोड़ को देखते हुए रेलवे ने आनन-फानन में परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया. वहीं रेल अधिकारियों की तैनाती की गयी. इसमें मुजफ्फरपुर समस्तीपुर हाजीपुर सहित अन्य जगहों के लिए ट्रेनें चलायी गयी. इसमें दोपहर 12.10 बजे हाजीपुर-मुजफ्फरपुर, दोपहर तीन बजे हाजीपुर-मुजफ्फरपुर, दोपहर 1.15 बजे मुजफ्फरपुर-हाजीपुर, शाम 4.15 बजे मुजफ्फरपुर-हाजीपुर शामिल हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










