मोबाइल चार्ज करने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिवार में कोहराम

Updated:
विज्ञापन

अनुमंडलीय अस्पताल में मृतक

मुंगेर के बड़की हथिया गांव में मोबाइल चार्ज करने के दौरान बिजली की चपेट में आने से 40 वर्षीय बबलू यादव की मौत हो गई. अस्पताल लाने के दौरान युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जिससे मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

विज्ञापन

हवेली खड़गपुर (मुंगेर). हवेली खड़गपुर प्रखंड की रमनकाबाद पश्चिमी पंचायत अंतर्गत बड़की हथिया गांव में गुरुवार की सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी. घर में मोबाइल चार्ज करने के दौरान बिजली का करंट लगने से एक 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई है.

आपके शहर में

विज्ञापन

चार्जर लगाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बड़की हथिया गांव निवासी सीताराम यादव का पुत्र बबलू यादव (40 वर्ष) गुरुवार सुबह अपने घर के बिजली बोर्ड में मोबाइल चार्ज करने के लिए चार्जर लगा रहा था. इसी दौरान बिजली के तार के एक ‘कट पॉइंट’ (नंगे हिस्से) पर उसका हाथ स्पर्श हो गया. करंट का झटका इतना तेज था कि वह मौके पर ही मूर्छित होकर गिर पड़ा.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

परिजन आनन-फानन में बबलू यादव को लेकर अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर पहुंचे. वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. इकबाल शम्सी ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉ. शम्सी ने बताया कि मरीज की मौत अस्पताल लाने के क्रम में रास्ते में ही हो चुकी थी. उसे मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

बबलू यादव की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया. मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गया है. घर के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन