रानी सती मंदिर में चोरी के 24 घंटे बाद ही चोरों ने अनुमंडल अस्पताल में की चोरी

रानी सती मंदिर में चोरी की घटना के 24 घंटे बाद ही दुस्साहसी चोरों ने शुक्रवार की देर रात अनुमंडलीय अस्पताल खड़गपुर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
हवेली खड़गपुर. खड़गपुर थाना क्षेत्र के मारवाड़ी टोला स्थित रानी सती मंदिर में चोरी की घटना के 24 घंटे बाद ही दुस्साहसी चोरों ने शुक्रवार की देर रात अनुमंडलीय अस्पताल खड़गपुर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. लगातार हो रही चोरी की घटना से पुलिस की नींद उड़ी हुई है और पुलिस चोरों की शिनाख्त के लिए छापेमारी कर रही है.गुरुवार की देर रात नगर के मारवाड़ी टोला स्थित रानी सती मंदिर में चोरों द्वारा विभिन्न देवी-देवताओं की मुकुट, छत्र, तीर धनुष समेत सवा किलो चांदी के आभूषण की चोरी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि चोरों ने अनुमंडलीय अस्पताल खड़गपुर में चोरी की घटना को अंजाम दे डाला. चोरों ने अस्पताल के बॉथरूम का ताला तोड़कर वाश बेसिन में लगा नल, शौचालय का नल एवं बाथरूम में लगे नल की चोरी कर ली. मालूम हो कि हाल ही में अनुमंडल अस्पताल का उद्घाटन हुआ था और अस्पताल के बाथरूम में कीमती नल लगाए गए थे. इधर चोरी की घटना के बाद लोगों में पुलिस गश्ती को लेकर भी सवाल उठ रहे है. साथ ही अस्पताल के रात्रि प्रहरी की संवेदनशीलता पर भी प्रश्न चिन्ह उठ रहा है. इधर अनुमंडल अस्पताल प्रबंधन की ओर से खड़गपुर पुलिस को चोरी को जानकारी दी है. जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है. विदित हो कि खड़गपुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटना से नगरवासी डरे सहमे हैं और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




