शिवनंदन सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का चैंपियन बना शाहकुंड
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 21 Feb 2026 7:44 PM
प्रखंड के नवगाई स्थित माता पीड़ाहारी खेल मैदान में आयोजित शिवनंदन सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा.
उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री ने विजेता व उप विजेता टीम को किया कप प्रदान
संग्रामपुर. प्रखंड के नवगाई स्थित माता पीड़ाहारी खेल मैदान में आयोजित शिवनंदन सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा. इसमें शाहकुंड ने नयागांव को पराजित कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने विजेता व उप विजेता टीम को कप और पुरस्कार राशि प्रदान किया.टॉस जीतकर नया गांव की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया. निर्धारित 20 ओवर में 222 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा किया. जवाब में खेलने उतरी शाहकुंड की टीम ने धैर्य और आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन संतुलन दिखाया. टीम के बल्लेबाज सचिन और अभिमन्यु ने अर्धशतक जड़ते हुए मैच का रुख बदल दिया. जिसके दम पर शाहकुंड ने लक्ष्य हासिल कर फाइनल मैच अपने नाम कर लिया. शानदार प्रदर्शन के लिए अभिमन्यु को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया और उन्हें 2100 रुपये की नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने वाले शाहकुंड टीम के कप्तान सचिन को ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब देते हुए 11,000 रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया. फाइनल मुकाबले के विजेता और उपविजेता टीमों को उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कप प्रदान कर सम्मानित किया.
माता पीड़ाहारी खेल मैदान किया जायेगा विकसित : सम्राट
सम्राट चौधरी ने कहा कि गांवों में खेल भावना का विकास हो रहा है, जिसका उदाहरण शिवनंदन सिंह की स्मृति में आयोजित यह टूर्नामेंट है. उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि इस मैदान को प्रखंड स्तरीय स्टेडियम के रूप में विकसित किया जायेगा. एनओसी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर स्टेडियम निर्माण का कार्य शुरू किया जायेगा, ताकि अगले वर्ष इसी मैदान में बेहतर सुविधाओं के साथ टूर्नामेंट आयोजित हो सके. उन्होंने तारापुर क्षेत्र में सिंचाई, सड़क चौड़ीकरण और उद्योग स्थापना की योजनाओं का भी जिक्र किया, जिससे युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके. मौके पर मुंगेर विधायक प्रणय कुमार, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, जदयू महासचिव लोक प्रकाश सिंह, रविंद्र सिंह कल्लू, लोजपा आर के राष्ट्रीय सचिव मिथिलेश कुमार सिंह, मुखिया वीर कुंवर सिंह, ललन सिंह, कमलनयन सिंह सहित अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










