सड़क या स्विमिंग पूल? मुंगेर के संग्रामपुर में अतिक्रमण से नाला गायब, तालाब बनी सड़क पर चलने को मजबूर बच्चे

Updated:
विज्ञापन

जलजमाव के बीच स्कूल जातीं छात्राएं | Prabhat Khabar Network

मुंगेर के संग्रामपुर में जल निकासी की समस्या विकट हो गई है. नाले पर अतिक्रमण के कारण सड़कें तालाब बन गई हैं, जिससे स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीण जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

मुंगेर, संग्रामपुर. नगर पंचायत संग्रामपुर के चंदनियां गांव में जल निकासी की व्यवस्था बाधित होने से सड़क तालाब जैसी स्थिति में तब्दील हो रही है. नाले पर कथित अतिक्रमण के कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है और वार्ड संख्या 12 की सड़क पर जमा हो जाता है. इससे आम ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

अंचलाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी को दिया आवेदन

जलजमाव की लगातार बनी समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है. ग्रामीणों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने और नाले से अतिक्रमण हटाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि नगर पंचायत का गठन हुए करीब तीन वर्ष हो गए हैं, लेकिन वार्ड में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है.

3,4- सड़क बना तालाब, स्कूली बच्चे परेशान  | Prabhat Khabar Network
फोटो- सड़क पर जल जमाव के कारण स्कूली बच्चे ईट के सहारे चल रहे हैं | Prabhat Khabar Network

हल्की बारिश में सड़क पर जमा हो जाता है पानी

ग्रामीणों के अनुसार वार्ड संख्या 12 की सड़क पर पिछले कई वर्षों से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. हल्की बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और आवागमन मुश्किल हो जाता है. बारिश अधिक होने पर सड़क पूरी तरह तालाब जैसी दिखाई देने लगती है. इसका सबसे अधिक असर स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, पैदल राहगीरों और स्थानीय लोगों पर पड़ रहा है.

कच्चे नाले पर अतिक्रमण का आरोप

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि पूर्व में जल निकासी के लिए कच्चा नाला बनाया गया था. आरोप है कि स्थानीय स्तर पर नाले की जमीन पर अतिक्रमण कर लिया गया, जिसके कारण नाला धीरे-धीरे अवरुद्ध होकर लगभग समाप्त हो गया है. नाले से पानी की निकासी बंद होने के कारण बारिश का पानी सड़क से बाहर नहीं निकल पाता और लंबे समय तक जमा रहता है.

दुर्गंध और बीमारी फैलने का भी खतरा

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय तक जलजमाव रहने से दुर्गंध फैलने लगती है. इसके अलावा बरसाती कीड़े-मकौड़ों का प्रकोप भी बढ़ जाता है. लोगों ने आशंका जताई है कि गंदे पानी के जमा रहने से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन और नगर पंचायत से शीघ्र कार्रवाई कर सड़क को जलजमाव से मुक्त कराने की मांग की है.

स्थल निरीक्षण कर होगी कार्रवाई : सीओ

मामले को लेकर अंचलाधिकारी निशीथ नंदन ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से दिए गए आवेदन के आलोक में स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा. जांच के बाद नाला अतिक्रमण की स्थिति पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: पटना में बनेगा बिहार का पहला एट-ग्रेड कॉरिडोर, नीचे 4 लेन और ऊपर 6 लेन एलिवेटेड रोड, 8456 करोड़ होंगे खर्च

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन