तीन बड़ी ट्रेनें लेट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी; राजधानी एक्सप्रेस 4 घंटे देरी से, विक्रमशिला-अंग भी प्रभावित
जमालपुर रेलवे स्टेशन | Prabhat Khabar Network
मालदा रेल मंडल के किऊल-जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर सोमवार को तीन प्रमुख ट्रेनें डाउन रूट पर लेट रहीं. राजधानी एक्सप्रेस 4 घंटे, विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस 2.5 घंटे और अंग एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से पीछे चल रही हैं. इससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.
मालदा रेल मंडल के साहिबगंज लूप लाइन अंतर्गत किऊल-जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर सोमवार को डाउन रूट की तीन प्रमुख ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है. आनंद विहार से आने वाली राजधानी एक्सप्रेस करीब चार घंटे, विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस करीब ढाई घंटे और अंग एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से काफी पीछे चल रही है. इससे जमालपुर और भागलपुर पहुंचने वाले यात्रियों को इंतजार करना पड़ सकता है.
आपके शहर में
राजधानी एक्सप्रेस सबसे ज्यादा लेट, जमालपुर पहुंचने में होगी देरी
अधिकृत जानकारी के अनुसार आनंद विहार से सैरंग जाने वाली 20508 डाउन राजधानी एक्सप्रेस सोमवार को करीब चार घंटे विलंब से चल रही है. ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय पूर्वाह्न 11:05 बजे है. लेकिन सुबह 9 बजे तक यह ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन भी नहीं पहुंच सकी थी.
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से जमालपुर पहुंचने में राजधानी एक्सप्रेस को करीब 6 घंटे 30 मिनट का समय लगता है. ऐसे में ट्रेन के अपराह्न 3 बजे के बाद जमालपुर पहुंचने की संभावना जतायी गयी है. इससे जमालपुर स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है.
विक्रमशिला एक्सप्रेस भी ढाई घंटे पीछे
आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली 12368 डाउन विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी सोमवार को करीब ढाई घंटे विलंब से चल रही है. ट्रेन के जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 6:30 बजे है. लेकिन सुबह 8 बजे तक यह ट्रेन कजरा नहीं पहुंच सकी थी.
जानकारी के मुताबिक विक्रमशिला एक्सप्रेस के करीब 8:50 बजे तक जमालपुर पहुंचने की संभावना है. ट्रेन के विलंब से चलने के कारण सुबह के समय स्टेशन पर यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है.
अंग एक्सप्रेस की रफ्तार भी थमी
यशवंतपुर से भागलपुर जाने वाली 12253 डाउन अंग एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से पीछे चल रही है. सुबह 8 बजे तक ट्रेन जसीडीह जंक्शन नहीं पहुंच सकी थी. इसका जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:34 बजे है.
जसीडीह से जमालपुर पहुंचने में करीब 3 घंटे 30 मिनट का समय लगता है. ऐसे में अंग एक्सप्रेस के लगभग 11 बजे तक जमालपुर पहुंचने की संभावना बतायी गयी है.
पखवाड़े से राजधानी की लेटलतीफी बनी चिंता
राजधानी एक्सप्रेस के लगातार विलंब से चलने का मामला यात्रियों के लिए विशेष चिंता का विषय बना हुआ है. बताया गया है कि पिछले करीब एक पखवाड़े से राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन दोनों दिशाओं में लगातार देरी से हो रहा है. लंबी दूरी की इन ट्रेनों पर निर्भर यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गयी है.
ये भी पढ़ें : किराया एक्सप्रेस का, स्टॉपेज पैसेंजर जैसा: भागलपुर-दानापुर इंटरसिटी में 30+ ठहराव से यात्री हलकान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए