बाढ़ में घर छोड़कर गये छह सफाईकर्मियों के घरों में चोरी, नकद-जेवर समेत सामान ले गये चोर
फोटो- चोरी की घटना को बताते गृह स्वामी | Prabhat Khabar Network
बाढ़ से बेघर हुए परिवारों के लिए बुरी खबर आई है. जब वे सुरक्षित ठिकानों पर थे, चोरों ने उनके खाली घरों को निशाना बनाया. मुंगेर में एक साथ छह घरों से लाखों की संपत्ति चोरी हुई है, जिससे पीड़ितों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
मुंगेर. बाढ़ ने जिन परिवारों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर रहने के लिए मजबूर किया, अब चोरों ने उनके बचे-खुचे सामान पर भी हाथ साफ कर दिया. कोतवाली थाना क्षेत्र के छोटी केला बाड़ी स्थित गोयनका मातृ सदन के पीछे सोमवार को एक साथ छह घरों के ताले टूटे मिले. चोर नकद, जेवरात, बर्तन और अन्य जरूरी सामान लेकर फरार हो गये. एक साथ छह घरों में चोरी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं घटना ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिये हैं.
बाढ़ के कारण सुरक्षित स्थान पर रह रहे थे सभी परिवार
चोरी की घटना के शिकार सभी परिवार नगर निगम में सफाईकर्मी हैं. बाढ़ का पानी घरों में घुसने के बाद सभी परिवार अपने घरों में ताला लगाकर सुरक्षित स्थान पर चले गये थे. दिन में नगर निगम की ड्यूटी करने के बाद वे रात सुरक्षित स्थान पर ही गुजार रहे थे.
सोमवार को पड़ोसियों ने घरों में चोरी होने की जानकारी पीड़ित परिवारों को दी. सूचना मिलने के बाद सभी पीड़ित मौके पर पहुंचे और डायल 112 के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी.
खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर
पीड़ित राम मल्लिक के अनुसार चोर खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुए और नकद, जेवरात समेत जरूरी सामान लेकर फरार हो गये. उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात कही है. बबलू मल्लिक ने करीब एक लाख रुपये, जबकि टिंकू मल्लिक ने करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की जानकारी दी. टिंकू के घर से करीब 40 हजार रुपये नकद भी गायब हैं.
छह परिवारों ने लाखों की संपत्ति चोरी होने की बतायी बात
मुन्ना मल्लिक ने करीब एक लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की बात कही है. विक्रम मल्लिक के अनुसार नकद और जरूरी सामान समेत करीब एक लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है. वहीं बिरजू मल्लिक ने नकद और जेवरात समेत करीब एक लाख रुपये की चोरी होने की जानकारी दी. पीड़ित परिवारों के अनुसार बाढ़ के कारण वे पहले ही घर और सामान की सुरक्षा को लेकर परेशान थे. अब चोरी की घटना के बाद उनकी मुश्किल और बढ़ गयी है.
एक साथ छह घरों में चोरी से पुलिस गश्ती पर सवाल
एक ही इलाके में एक साथ छह घरों में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गयी है. लोगों का कहना है कि बाढ़ के कारण कई परिवार घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर रह रहे हैं. ऐसे में खाली पड़े घरों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्ती बढ़ाने की जरूरत है.
सीसीटीवी फुटेज से जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. चोरी में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए