ऋषिकुंड पहाड़ पर दो माह से चल रही थी मिनीगन फैक्टरी

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 21 Aug 2024 10:50 PM

विज्ञापन

बरदह गांव निवासी मो तनवीर व मो जुल्फीकार है डीलर, तय कर रखा था सभी का कमीशन

विज्ञापन

मुंगेर. पुलिस के लाख प्रयास के बावजूद मुंगेर में न तो हथियार निर्माण का काम रुका है और न ही हथियारों की तस्करी पर ही रोक लग पा रही है. पुलिस की कार्रवाई को ठेंगा दिखाते हुए आज भी मौत के सामान का निर्माण व तस्करी का खेल बदस्तूर जारी है. इसका खुलासा मंगलवार की सुबह से शुरू हुई 18 घंटे की कार्रवाई में हुआ है. इसमें पुलिस ने भारी मात्रा में निर्मित व अद्ध-निर्मित आर्म्स के साथ छह मिनीगन फैक्टरी का उद्भेदन किया. इसके साथ ही संलिप्त कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया. जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि जो पकड़े गये वे तो सिर्फ प्यादे हैं, जबकि मुख्य डीलर तो अवैध हथियारों की मंडी के रूप में प्रसिद्ध मिर्जापुर बरदह गांव निवासी मो तनवीर व मो जुल्फीकार है. दोनों ने हथियार निर्माण से लेकर डिलिवरी तक के लिए प्यादे का कमीशन तय कर रखा है.

दंपती पहुंचाते थे हथियार

मुफस्सिल थाना पुलिस ने मंगलवार को सीताकुंड डीह गांव में छापेमारी कर बरियारपुर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला निवासी अरविंद मंडल व उसकी पत्नी प्रीति कुमारी को पकड़ा. जो पुलिस को देख कर मोटरसाइकिल घूमा कर भागने का प्रयास कर रहा था. जब पुलिस ने तलाशी ली तो उसके पास से पुलिस ने 9 पिस्टल एवं 18 मैगजीन बरामद किया. इसमें 9 मैगजीन पिस्टल में लगा हुआ था. एसपी ने बताया कि पति-पत्नी हथियार कुरियर का काम करते थे. वे बरियारपुर के काजीचक व ऋषिकुंड से हथियार को रिसीव कर निर्धारित स्थानों पर पहुंचाते थे, जिसके लिए कमीशन तय था. अरविंद पुलिस को झांसा देने के लिए पत्नी के साथ इस धंधे को अंजाम दे रहा था. पुलिस ने उसकी मोटरसाइकिल व मोबाइल को जब्त कर लिया है.

पिता-पुत्र को पुलिस ने किया गिरफ्तार

गिरफ्तार पति-पत्नी से पूछताछ के बाद पुलिस ने बरियारपुर थाना क्षेत्र के काजीचक गांव में छापेमारी की. जहां से पुलिस ने पिता चंद्रकिशोर यादव एवं पुत्र पियूष कुमार को गिरफ्तार किया. जो हथियारों की आपूर्ति के साथ ही कच्चे माल की आपूर्ति करता था. एसपी ने बताया कि उसके घर से पुलिस ने दो बैरल, दो अर्धनिर्मित पिस्टल, बट लॉक, स्प्रिंग, ट्रिगर सहित अन्य सामग्री की बरामदगी की.

ऋषिकुंड पहाड़ी जंगल में छापेमारी, मिली सफलता

गिरफ्तार पति-पत्नी और पिता-पुत्र की निशानदेही पर मुंगेर पुलिस टीम ने नयारामनगर थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ऋषिकुंड पहाड़ी जंगल में छापेमारी की. जहां पर छह मिनीगन फैक्टरी का उद्भेदन किया गया. जहां से निर्मित, अर्धनिर्मित हथियार के साथ ही भारी मात्रा में अवैध हथियार बनाने का उपकरण बरामद हुआ. एसपी ने बताया कि मौके पर सात कारीगरों को गिरफ्तार किया गया है, जिसने स्वीकार किया कि यहां समय-समय पर उन लोगों को हथियार बनाने के लिए कमीशन पर लाया जाता है. दो माह से यहां पर वे हथियारों का निर्माण कर रहे हैं.

घरों पर छापेमारी में नही मिले तनवरीर व जुल्फिकार

एसपी ने बताया कि बरामद हथियार और मैगजीन मिर्जापुर बरदह गांव निवासी मो तनवीर उर्फ मंडल व मो जुल्फिकार का था. इनके द्वारा ही ऋषिकुंड में मिनीगन फैक्टरी का संचालन कराया जाता है. कारीगरों को कच्चा माल एवं मशीनरी उपलब्ध करवा कर वह अपने लिए हथियार बनवाता था. उसने जहां कारीगरों के लिए हथियार निर्माण को लेकर कमीशन तय कर रखा था. वहीं हथियारों की तस्करी कर निर्धारित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कई लोगों को हथियार कुरियर के रूप में कमीशन पर रखा था. पुलिस ने उन दोनों के घरों पर भी छापेमारी की. लेकिन दोनों फरार मिले.

इनकी हुई गिरफ्तारी

क्रमबद्ध तरीके से की गयी छापेमारी में पुलिस ने कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया. इसमें बरियारपुर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला निवासी अरविंद मंडल व उसकी पत्नी प्रीति कुमारी, काजीचक निवासी चंद्रकिशोर यादव व उसका पुत्र पियूष कुमार, गांधीपुर निवासी सुमित कुमार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह निवासी मो बाबर वन, मो बाबर टू, मो औरंगजेब, मो रिजवान, मो शकील अहमद एवं मो शिब्लू शामिल है.

इन सामानों की हुई बरामदगी

पुलिस ने छापेमारी के दौरान 10 निर्मित पिस्टल, 2 अर्धनिर्मित पिस्ट, 18 निर्मित मैगजीन, 2 अर्धनिर्मित मैगजीन बरामद किया. जबकि 6 बेस मशीन, 1 ड्रील मशीन, 3 अर्धनिर्मित पिस्टल बॉडी, 39 हेक्सा ब्लेड, 1 मैगजीन फर्मा, 4 ट्रिगर, 4 बैरल सहित भारी मात्रा में हथियार बनाने में प्रयुक्त सामानों की बरामदगी की गयी. साथ ही एक मोटर साइकिल, 4 मोबाइल जब्त किया है.

गिरफ्तार चार तस्करों पर पहले से दर्ज हैं मामले

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार हथियार कारोबारियों में कईयों पर पहले से विभिन्न थानों में मामला दर्ज है. गिरफ्तार मो बाबर वन , मो रिजवान, मो शकिल एवं पियूष पर मुफस्सिल, नयारामनगर एवं बरियारपुर में मामला दर्ज है. जबकि मो बाबर वन पर खगड़िया जिला में भी ममाला दर्ज है. छापेमारी दल में एसडीपीओ सदर राजेश कुमार, मुफस्सिल, बरियारपुर, नयारामनगर थानाध्यक्ष, डीआईयू की टीम एवं पुलिस बल शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन