भेलवा दियारा में मिनी गन फैक्टरी का उद्भेदन, अवैध हथियार के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नाव से गंगा पार कर भेलवा दियारा इलाके में पहुंची थी एसटीएफ व पुलिस
मुंगेर.
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गंगा पार भेलवा दियारा इलाके में मंगलवार की सुबह मुंगेर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार निर्माण के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ. काश के घने जंगल में संचालित मिनी गन फैक्टरी पर छापेमारी कर पुलिस ने पांच निर्मित व अर्धनिर्मित पिस्टल सहित भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए. इस दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार भी किया गया.नाव से गंगा पार कर भेलवा दियारा इलाके में पहुंची थी एसटीएफ व पुलिस
बताया जाता है कि मुफस्सिल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भेलवा दियारा क्षेत्र में अवैध हथियार बनाने का काम चल रहा है. सूचना के बाद एसटीएफ और मुफस्सिल थाना पुलिस की टीम नाव से गंगा पार कर भेलवा दियारा इलाके में पहुंची. घने काश के जंगल के बीच चल रही मिनी गन फैक्टरी में छापेमारी की गई. पुलिस को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर दो लोगों को मौके से दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर बिंद टोला निवासी पवन सिंह और रौशन सिंह के रूप में हुई है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार अर्धनिर्मित पिस्टल, एक निर्मित पिस्टल, एक बेस मशीन, एक ड्रिल मशीन तथा भारी मात्रा में हथियार निर्माण में प्रयुक्त उपकरण और सामग्री बरामद की. थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि दियारा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध हथियार निर्माण की सूचना मिल रही थी. छापेमारी के दौरान पांच निर्मित व अर्धनिर्मित पिस्टल, अवैध हथियार बनाने के सामग्री जब्त किये गये. जबकि दो हथियार कारीगर को गिरफ्तार किया गया. इस मामले में मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुए दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है. पूछताछ के आधार पर मिली जानकारी पर पुलिस काम कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










