संपर्क पथ की मांग पर घोरघाट में फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, NH-80 व फोरलेन किया जाम, घंटों जाम में फंसे रहे वाहन

Updated:
विज्ञापन
संपर्क पथ मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया बरियारपुर में फोरलेन एवं  एच 80 सड़क जाम

एनएच 80 को जाम करते ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network

Munger News : मुंगेर के घोरघाट में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा, जिन्होंने संपर्क पथ की मांग को लेकर NH-80 और फोरलेन सड़क मार्ग को जाम कर दिया. कई घंटों तक लगे जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

विज्ञापन

Munger News : बरियारपुर प्रखंड के घोरघाट के समीप शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे आक्रोशित ग्रामीणों ने संपर्क पथ की मांग को लेकर एनएच-80 और फोरलेन सड़क मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने घोरघाट पुल के दोनों ओर तथा फोरलेन पर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी. दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

'सिर्फ आश्वासन मिला, संपर्क पथ नहीं'

ग्रामीणों का कहना था कि फोरलेन निर्माण शुरू होने के समय से ही वे संपर्क पथ की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला. उनका आरोप है कि जब सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री थे, तब उन्हें चार बार आवेदन दिया गया. इसके अलावा मुंगेर सांसद, एनएचएआई तथा मुंगेर और भागलपुर के जिलाधिकारियों को भी कई बार ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ.

ग्रामीणों ने लगाया छल का आरोप

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पहले हुए आंदोलन के दौरान फोरलेन निर्माण एजेंसी ने संपर्क पथ बनने का भरोसा दिलाने के लिए केवल थोड़ी मिट्टी भराई कर ग्रामीणों को भ्रमित किया और निर्माण कार्य आगे बढ़ा दिया. अब जब फोरलेन का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है, तब भी संपर्क पथ नहीं बनाया गया. इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है.

दर्जनों गांवों के लोगों को होगी सुविधा

ग्रामीणों का कहना है कि यदि संपर्क पथ का निर्माण हो जाता है तो आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी. उन्हें मुंगेर, भागलपुर सहित अन्य जिलों तक पहुंचने के लिए लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. सड़क जाम की सूचना पहले ही दोनों जिलों के प्रशासन को दे दी गई थी.

यात्रियों को परेशानी, एंबुलेंस को दी गई छूट

सड़क जाम के कारण दोनों मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी और कई पुलिस अधिकारियों के वाहन भी जाम में फंस गए, जिन्हें वापस लौटना पड़ा. हालांकि प्रदर्शनकारियों ने एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को जाने की अनुमति दी.

ये भी पढ़ें : मुंगेर में मानसून की दस्तक के साथ बढ़ा बीमारियों का प्रकोप: सदर अस्पताल में सर्पदंश के 4 मामले, एक की मौत



विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन