दूसरी शादी का विरोध करने पर पहली पत्नी की पिटाई, प्राथमिकी

शामपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव का मामला
हवेली खड़गपुर. शामपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में पति की दूसरी शादी का विरोध करने पर पति ने पहली पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी. इस मामले में पीड़ित पत्नी ने शामपुर थाने में आवेदन देकर अपने पति मदनपुर गांव निवास मुकेश प्रसाद सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है. जानकारी के अनुसार मदनपुर गांव निवासी मुकेश प्रसाद सिंह ने अपनी पहली पत्नी रजनी सिंह के रहते दूसरी शादी कर ली और उसी के साथ रहने लगा. वहीं पहली पत्नी रजनी सिंह ने शादी का विरोध किया तो पति मुकेश ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी. परिजनों द्वारा पीड़ित महिला को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. घटना के संबंध में रजनी सिंह ने शामपुर थाना में आवेदन देकर बताया है कि मेरे पति मुकेश प्रसाद सिंह ने दूसरी शादी कर ली है और दूसरी पत्नी के साथ रहकर मुझे जान मारने की धमकी देता है. इतना ही नहीं मेरे एवं बच्चों के साथ हमेशा मारपीट करते रहता है. मुझे खाने-पीने का भी खर्चा देना बंद कर दिया. जब मैंने इसका विरोध किया तो उसने मुझे कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई कर घायल कर दिया. इधर शामपुर थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला के आवेदन पर पति मुकेश प्रसाद सिंह पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले की छानबीन की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










