मुंगेर में दिनदहाड़े दुकान पर चली गोली, पहले धमकी फिर हथियार लेकर पहुंचे बदमाश

Updated:
विज्ञापन

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस. Prabhat Khabar Network

मुंगेर के बेकापुर में दिनदहाड़े एक दुकान पर गोलीबारी से सनसनी फैल गई. ई-रिक्शा पर बैठे युवक से कहासुनी के बाद बदमाश हथियार लेकर पहुंचे और गोली चला दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

विज्ञापन

मुंगेर. कोतवाली थाना क्षेत्र के बेकापुर किराना पट्टी में शुक्रवार को बदमाशों ने दिनदहाड़े एक दुकान पर गोली चला दी. गोली की आवाज से इलाके में अफरातफरी मच गयी. घटना के बाद दुकानदार समेत आसपास के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही 112 की टीम और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.

आपके शहर में

विज्ञापन

पहले ई-रिक्शा पर बैठकर कर रहा था फोन, संदेह होने पर दुकानदार ने टोका

बेकापुर स्थित मुंगेर सोलर सॉल्यूशन के प्रोपराइटर योगेंद्र मंडल ने बताया कि शुक्रवार को उनकी दुकान के आगे उनके ई-रिक्शा पर एक युवक बैठा था. वह फोन पर किसी घटना को अंजाम देने की बात कर रहा था. युवक की बातचीत संदिग्ध लगने पर उन्होंने उसे वहां से जाने के लिए कहा. दुकानदार के अनुसार कुछ देर बाद वही युवक तीन-चार अन्य युवकों के साथ दुकान पर पहुंच गया. सभी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद उस समय मामला शांत हो गया और सभी युवक वहां से चले गये.

तीसरी बार हथियार लेकर पहुंचा, दुकान पर चला दी गोली

योगेंद्र मंडल के अनुसार आरोपित तीसरी बार हथियार से लैस होकर दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा. इसी दौरान बदमाश ने दुकान की ओर गोली चला दी. गोली चलाने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गये.

दुकानदार ने बताया कि इससे पहले भी आरोपित दो बार दुकान पर आकर गाली-गलौज और धमकी दे चुके थे. लगातार धमकी मिलने के बाद दिनदहाड़े गोली चलाये जाने की घटना से उनकी और आसपास के दुकानदारों की चिंता बढ़ गयी है.

घटनास्थल पर पुलिस, मौजूद भीड़ | Prabhat Khabar Network
फोटो- घटनास्थल पर मौजूद भीड़ | Prabhat Khabar Network

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले गये. पुलिस के अनुसार घटना कैमरे में कैद होने की बात सामने आयी है. इससे आरोपितों की पहचान और घटना के पूरे क्रम की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है.

पीड़ित दुकानदार ने संदलपुर निवासी एक युवक पर गोली चलाने का आरोप लगाया है. पुलिस अब आरोपित युवक और उसके साथ रहे अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.

लिखित आवेदन मिलने के बाद होगी कार्रवाई

कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित को आरोपितों के खिलाफ लिखित आवेदन देने के लिए कहा गया है. आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी. पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है.

गोलीबारी के बाद दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता

बेकापुर किराना पट्टी जैसे व्यस्त कारोबारी इलाके में दिनदहाड़े गोली चलाये जाने की घटना से स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है. दुकानदारों का कहना है कि यदि पहले से धमकी दिये जाने की शिकायत के बाद भी बदमाश दोबारा हथियार लेकर पहुंच रहे हैं तो यह गंभीर स्थिति है. स्थानीय व्यवसायियों ने पुलिस से घटना में शामिल आरोपितों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन