हत्या मामले की छानबीन में बंगाल के गोलाबारी थाना की पुलिस पहुंची जमालपुर

Edited by RANA GAURI SHAN
Updated:
विज्ञापन

संदिग्धों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया

विज्ञापन

आरोपित की मां, बहन और भाई से पूछताछ के बाद पीआर बॉन्ड पर छोड़ा

जमालपुर. पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिला अंतर्गत गोलाबारी थाना की पुलिस शुक्रवार की रात जमालपुर पहुंची. यहां एक हत्याकांड के सिलसिले में जमालपुर थाना क्षेत्र के वलीपुर पहुंचकर कई लोगों से पूछताछ की. बाद में बंगाल पुलिस की टीम शनिवार की सुबह वापस लौट गयी.

बताया गया कि बंगाल के गोलाबारी थाना क्षेत्र में पिछले दिनों एक व्यक्ति की हत्या हो गयी थी, जिसको लेकर वहां गोलाबारी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. इस हत्या को अंजाम देने वाले कथित आरोपित की बहन का ससुराल जमालपुर थाना क्षेत्र के वलीपुर में है. बंगाल पुलिस की टीम ने वलीपुर पहुंचकर शुक्रवार की देर रात आरोपित की मां, बहन और उसके भाई से गहन पूछताछ की और पीआर बॉन्ड पर उन्हें छोड़ दिया. जानकारी के अनुसार, बंगाल पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे सब इंस्पेक्टर टिंकू दास ने जमालपुर थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान को जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हत्या का तार जमालपुर से जुड़ा हुआ है. प्राप्त जानकारी में बताया गया कि जब बंगाल के स्थानीय व्यक्ति की हत्या हुई, तब तथाकथित आरोपित के घर पर स्थानीय लोगों ने तोड़फोड़ की. इसके भय से आरोपित की मां और भाई उसकी बहन की ससुराल वलीपुर आ गये. उधर बंगाल पुलिस ने आरोपित के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लिया और उसका सीडीआर निकलवाया. इसमें जमालपुर के वलीपुर से कई बार फोन किया गया था. इसी बात को ध्यान में रखते हुए बंगाल पुलिस तकनीकी अनुसंधान के आधार पर जमालपुर पहुंची थी. यह सारी प्रक्रिया शुक्रवार की देर रात्रि पूरी कर ली गयी और संदिग्धों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया.

इस संबंध में जमालपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि हत्या के एक मामले में बंगाल के हावड़ा जिला के गोलाबारी थाना क्षेत्र से बंगाल पुलिस की टीम जमालपुर पहुंची थी. उसने वलीपुर में कुछ लोगों से मिलकर छानबीन की. टीम शनिवार की सुबह बंगाल के लिए रवाना हो गयी.

विज्ञापन
RANA GAURI SHAN

लेखक के बारे में

By RANA GAURI SHAN

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन