मुंगेर विश्वविद्यालय में CBCS के SEC/VAC/AEC के लिए 22 शिक्षक चयनित, प्रति कक्षा मिलेगा मानदेय
मुंगेर विश्वविद्यालय | Prabhat Khabar Network
मुंगेर विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के तहत SEC/VAC/AEC विषयों के लिए 22 शिक्षकों का चयन किया है. इन शिक्षकों को प्रति कक्षा मानदेय के आधार पर भुगतान किया जाएगा. यह प्रक्रिया 129 आवेदकों में से पूरी की गई.
मुंगेर : मुंगेर विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के तहत SEC/VAC/AEC विषयों के संचालन के लिए प्रति कक्षा मानदेय के आधार पर शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार स्वच्छ भारत/क्लीन इंडिया, एथिक्स एंड कल्चर, डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट, एडवांस स्प्रेडशीट टूल्स और कम्युनिकेशन इन एवरीडे लाइफ विषयों के लिए शिक्षकों का चयन किया गया है.
विश्वविद्यालय के अनुसार इन विषयों के लिए कुल 22 शिक्षक अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. चयनित शिक्षकों को छात्रों की आवश्यकता और कक्षाओं की उपलब्धता के आधार पर संबंधित कॉलेजों में कक्षाएं आवंटित की जाएंगी.
129 आवेदकों में 95 पहुंचे थे काउंसलिंग तक
विश्वविद्यालय ने वर्ष 2025 के सितंबर और अक्टूबर में SEC/VAC/AEC विषयों के लिए प्रति कक्षा मानदेय के आधार पर शिक्षकों के चयन को लेकर आवेदन आमंत्रित किए थे. इसके बाद आवेदन करने वाले कुल 129 अभ्यर्थियों में से 95 को काउंसलिंग के लिए चयनित किया गया था.
विश्वविद्यालय की ओर से 25 अप्रैल 2026 को काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी की गयी. इसमें शामिल अभ्यर्थियों में से अब शिक्षकों का चयन किया गया है. विश्वविद्यालय ने चयनित अभ्यर्थियों की सूचना भी जारी कर दी है.
DSW कार्यालय और इंटर्नशिप सेल करेगा कक्षाओं का आवंटन
चयनित शिक्षकों को छात्रों की आवश्यकता, कक्षाओं की उपलब्धता और निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार कक्षाएं आवंटित की जाएंगी. यह जिम्मेदारी डीएसडब्ल्यू कार्यालय/विश्वविद्यालय इंटर्नशिप सेल की होगी.
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पैनल में शामिल होना मुंगेर विश्वविद्यालय या उसके किसी घटक/संबद्ध महाविद्यालय में नियमित, अस्थायी, संविदात्मक या स्वीकृत पद पर नियुक्ति नहीं माना जाएगा.
चयनित शिक्षकों को संबंधित SEC/VAC/AEC पाठ्यक्रमों की कक्षाएं संचालित करने के लिए प्रति कक्षा के आधार पर ही भुगतान किया जाएगा. भुगतान केवल वास्तव में आयोजित कक्षाओं के लिए किया जाएगा.
उपस्थिति और कक्षा अभिलेख के सत्यापन के बाद होगा भुगतान
शिक्षकों को मानदेय का भुगतान विश्वविद्यालय के सक्षम प्राधिकारी द्वारा अनुमोदित दर के अनुसार किया जाएगा. इसके लिए आवश्यक उपस्थिति, शिक्षण अनुसूची और आयोजित कक्षाओं से संबंधित अभिलेखों का प्रस्तुतीकरण और सत्यापन जरूरी होगा.
डीएसडब्ल्यू कार्यालय/विश्वविद्यालय इंटर्नशिप सेल की ओर से कक्षा में उपस्थिति, शिक्षण कार्यक्रम और वास्तव में आयोजित कक्षाओं की संख्या का रिकॉर्ड रखा और सत्यापित किया जाएगा.
प्रदर्शन खराब होने पर चयन रद्द करने का अधिकार
विश्वविद्यालय ने चयनित शिक्षकों के लिए नियम भी निर्धारित किए हैं. असंतोषजनक प्रदर्शन, दुर्व्यवहार, अनुपलब्धता, शैक्षणिक या प्रशासनिक निर्देशों का उल्लंघन अथवा सक्षम प्राधिकारी द्वारा उचित समझे जाने वाले अन्य कारणों की स्थिति में विश्वविद्यालय संबंधित शिक्षक के चयन में संशोधन, प्रतिबंध, निलंबन या चयन रद्द करने की कार्रवाई कर सकता है.
इन विषयों के लिए हुआ शिक्षकों का चयन
- स्वच्छ भारत/क्लीन इंडिया: मो इरशाद आलम, अंकित द्विवेदी, अभिषेक कुमार सिंह
- एथिक्स एंड कल्चर: विनय कुमार पाण्डेय, रबीश कुमार, सुजाता कुमारी, ज्योति कुमारी, पंकज कुमार
- डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट: आनंद कुमार प्रभाकर, रंजीत कुमार
- एडवांस स्प्रेडशीट टूल्स: प्रीति कुमारी, संतोष कुमार
- कम्युनिकेशन इन एवरीडे लाइफ: पंकज कुमार, आनंद विजय, स्वाति सोनम, अंकित द्विवेदी, कौशिकी श्रीवास्तव, आशीष गुप्ता, तन्नू गुप्ता, अपराजिता संस्कृति, आयुषी, संदीप चौधरी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए