PM Shri School से नजदीकी विद्यालय नहीं जुड़ा, 4 किमी दूर के स्कूल के प्रस्ताव पर ग्रामीणों ने उठाये सवाल
पीएम श्री विद्यालय, कोटवा
कोटवा प्रखंड में PM श्री योजना के तहत विद्यालय चयन को लेकर विवाद गहरा गया है. ग्रामीणों ने 4 किमी दूर स्कूल जोड़ने के प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं, खासकर NH-27 पार करने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी से मामले की जांच कर बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नजदीकी स्कूल को जोड़ने की मांग की है.
Motihari Education News: कोटवा प्रखंड के श्रीवधर अनूठा उच्च विद्यालय को पीएम श्री योजना के तहत संबंधित विद्यालय से जोड़ने की प्रक्रिया अब तक पूरी नहीं हो सकी है. विद्यालय चयन और जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर ग्रामीणों ने प्रखंड शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी से मामले की जांच कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए नजदीकी विद्यालय को पीएम श्री स्कूल से जोड़ा जाना चाहिए.
आपके शहर में
नजदीकी स्कूल छोड़ 4 किमी दूर का प्रस्ताव
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में श्रीवधर अनूठा उच्च विद्यालय से महज कुछ मीटर की दूरी पर स्थित प्राथमिक मध्य विद्यालय बड़हरवा को पीएम श्री योजना के तहत जोड़ने की बात थी. विद्यालय की नजदीकी और विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए ग्रामीण इसे उपयुक्त विकल्प मान रहे थे. अब करीब चार किलोमीटर दूर कोटवा गांव स्थित विद्यालय को श्रीवधर अनूठा उच्च विद्यालय से जोड़ने का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आ रही है.
NH-27 पार करने से बच्चों की सुरक्षा पर चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि यदि चार किलोमीटर दूर स्थित विद्यालय को पीएम श्री स्कूल से जोड़ा जाता है तो वहां पढ़ने वाले बच्चों को प्रतिदिन आने-जाने के दौरान NH-27 पार करना पड़ेगा. इससे सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी. ग्रामीणों ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नजदीकी विद्यालय को योजना से जोड़ने की मांग की है.
जिला शिक्षा पदाधिकारी से जांच की मांग
मामले को लेकर ग्रामीण इंदु देवी, राजपाती कुअर, आशा देवू, सोनू सिंह, विक्की कुमार और संदीप सिंह समेत अन्य लोगों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजा है. ग्रामीणों ने मामले की जांच कर पीएम श्री योजना के तहत नजदीकी विद्यालय को श्रीवधर अनूठा उच्च विद्यालय से जोड़ने की मांग की है.
मुखिया और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी उठायी मांग
ग्रामीणों के साथ मुखिया नंदलाल साह और पंचायत समिति सदस्यों पम्मी कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बच्चों की सुविधा और सुरक्षा का हवाला देते हुए नजदीकी विद्यालय को जोड़ने की मांग का समर्थन किया है. ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय चयन में दूरी के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा और आवागमन की सुविधा को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए.
यह भी पढ़ें: मां के साथ सो रही थी नाबालिग, रात में हुई गायब, शादी की नीयत से अपहरण का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए