मोतिहारी में डॉ. फूलकुमारी सिंह के निधन पर IMA भवन में शोकसभा, चिकित्सकों ने दी श्रद्धांजलि
शोक सभा में उपस्थित चिकित्सकगण
मोतिहारी के वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. फूलकुमारी सिंह के आकस्मिक निधन से पूरे चंपारण के चिकित्सक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है. मोतिहारी आईएमए ने उनके सम्मान में एक शोकसभा का आयोजन किया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
Motihari News: शहर की वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. फूलकुमारी सिंह के निधन से मोतिहारी सहित पूरे चंपारण के चिकित्सक समुदाय में शोक की लहर है. उनके निधन पर मोतिहारी आईएमए की ओर से आईएमए भवन में शोकसभा आयोजित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएमए जिला अध्यक्ष डॉ. टीपी सिंह ने की. चिकित्सकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और डॉ. फूलकुमारी सिंह के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
आपके शहर में
चिकित्सकों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शोकसभा में चिकित्सकों ने डॉ. फूलकुमारी सिंह के व्यक्तित्व, मरीजों के प्रति उनके व्यवहार और चिकित्सा क्षेत्र में योगदान को याद किया. बिहार आईएमए के अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने कहा कि डॉ. फूलकुमारी सिंह से उनका रिश्ता भाई-बहन जैसा था. वहीं, आईएमए जिला अध्यक्ष डॉ. टीपी सिंह ने कहा कि उनके निधन से सभी चिकित्सक मर्माहत हैं.
'पूरे चंपारण के लिए बड़ी क्षति'
डॉ. संतोष कुमार ने कहा कि उनके निधन से चिकित्सक समुदाय स्तब्ध है. डॉ. सीबी सिंह ने उन्हें अपनी बहन बताते हुए कहा कि उनका जाना पूरे चंपारणवासियों के लिए बड़ी क्षति है. डॉ. चांदनी सिंह ने कहा कि डॉ. फूलकुमारी सिंह का नाम और व्यक्तित्व एक-दूसरे के अनुरूप था.
मरीजों के प्रति व्यवहार को किया याद
डॉ. स्वस्तिक सिन्हा ने कहा कि मरीजों के प्रति डॉ. फूलकुमारी सिंह का व्यवहार अत्यंत निर्मल और संवेदनशील था. चिकित्सकों ने कहा कि उन्होंने अपने कार्य और व्यवहार से चिकित्सा जगत में अलग पहचान बनाई थी. शोकसभा में मौजूद सभी चिकित्सकों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.
दर्जनों चिकित्सक शोकसभा में रहे मौजूद
शोकसभा में डॉ. जितेंद्र नाथ गुप्ता, डॉ. डी. नाथ, डॉ. निकिता शरण, डॉ. जसबीर शरण, डॉ. निखिल शरण, डॉ. सौरभ गुप्ता, डॉ. अभिलाषा झा, डॉ. अलिंद किशोर, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. एसएन सिंह, डॉ. यूएस पाठक, डॉ. विभू परासर, डॉ. आरके झा, डॉ. आशुतोष, डॉ. ज्योति झा, डॉ. कुणाल कृष्णा, डॉ. खुशबू कुमारी समेत दर्जनों चिकित्सक उपस्थित रहे. सभी ने डॉ. फूलकुमारी सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
यह भी पढ़ें: मां के साथ सो रही थी नाबालिग, रात में हुई गायब, शादी की नीयत से अपहरण का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए