पंचायत विकास दिवस पर अमवा मझार को मिली बड़ी सौगात, प्रभारी मंत्री ने किया भवन का उद्घाटन

पंचायत विकास दिवस पर अमवा मझार पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन करते प्रभारी मंत्री, डीएम, एसपी एवं अन्य जनप्रतिनिधि.
Motihari Panchayat Development Day: पंचायत विकास दिवस पर मझौलिया प्रखंड की अमवा मझार पंचायत में पंचायत सरकार भवन का उद्घाटन किया गया. प्रभारी मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि पंचायत सरकार भवन गांवों को आत्मनिर्भर और पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. कार्यक्रम में विकास योजनाओं की समीक्षा और ग्राम विकास शिविर का भी आयोजन हुआ.
मोतिहारी के मझौलिया से संजय कुमार पांडे की रिपोर्ट
Motihari Panchayat Development Day: पंचायत विकास दिवस के अवसर पर मझौलिया प्रखंड की अमवा मझार पंचायत में नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का रविवार को विधिवत उद्घाटन किया गया. इसके साथ ही ग्राम विकास शिविर का भी आयोजन हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया. कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के मंत्री सह पश्चिम चंपारण के जिला प्रभारी मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम तथा पूर्व विधायक उमाकांत सिंह ने संयुक्त रूप से किया.
पंचायत विकास दिवस पर योजनाओं की हुई समीक्षा
कार्यक्रम के दौरान पंचायत में संचालित विकास योजनाओं, प्राप्त राशि, व्यय और अवशेष राशि का सार्वजनिक विवरण प्रस्तुत किया गया. महिला हितैषी ग्राम पंचायत थीम पर विशेष चर्चा की गई. साथ ही उत्कृष्ट पंचायतों के विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन किया गया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण भी कराया गया.
पंचायत सरकार भवन से गांवों को मिलेगा नया आधार
प्रभारी मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि बिहार सरकार पंचायतों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. पंचायत सरकार भवन ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बनेगा. उन्होंने कहा कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और लोगों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिलेगा.
विकास और कानून-व्यवस्था पर अधिकारियों ने दिया जोर
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा, सामाजिक भागीदारी और पारदर्शिता से ही गांवों का समग्र विकास संभव है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की. वहीं पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण विकास की पहली शर्त है. पुलिस और जनता के सहयोग से अपराधमुक्त एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है.
जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पंचायत के समग्र विकास का संकल्प दिलाया गया. आयोजन को सफल बनाने में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन कुमार, मुखिया लालदेव राम, कनीय अभियंता सनोज कुमार, स्वच्छता समन्वयक अनिल कुमार, सुशील जायसवाल, अमित चौबे, प्रेम साह, प्रमोद प्रसाद, हिना गुलशन, प्रधान लिपिक संतोष कुमार सहित कई अधिकारियों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










