पुलिस भी देखकर रह गई हैरान, बाइक के अंदर बना रखा था ऐसा सीक्रेट ठिकाना, निकली शराब की बड़ी खेप

Updated:
विज्ञापन
कुण्डवा चैनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शराब तस्करी व बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

फोटो कैप्सन : बरामद बाइक व गिरफ्तार बदमाश के साथ पुलिस पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में पुलिस ने शराब तस्करी के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो चोरी की बाइकों का इस्तेमाल कर रहा था. गिरोह बाइक की टंकी और सीट के नीचे गुप्त तहखाने बनाकर नेपाली शराब की तस्करी करता था. इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

Motihari Crime News: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में पुलिस ने शराब तस्करी के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने चोरी की बाइकों को ही तस्करी का जरिया बना रखा था. गिरोह बाइक की टंकी और सीट के नीचे गुप्त तहखाना बनाकर नेपाली शराब की तस्करी करता था. कुण्डवा चैनपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से चोरी की बाइक, नेपाली शराब और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

कुण्डवा चैनपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार को सूचना मिली थी कि महंगुआ बॉर्डर के रास्ते बरेवा होकर ढाका की ओर चोरी की बाइक से शराब की खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने महंगुआ-भुसौली के पास घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से 26.4 लीटर नेपाली शराब और तीन बाइक बरामद की गई.

पूछताछ में खुला पूरे गिरोह का राज

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने छापेमारी कर दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई में कुल पांच बाइक, जिनमें चार चोरी की और एक लाइनर बाइक, चार मोबाइल फोन तथा नेपाली शराब बरामद की गई.

सीट और टंकी के नीचे बनाया था गुप्त तहखाना

पुलिस के अनुसार गिरोह का तस्करी का तरीका बेहद शातिर था. आरोपी चोरी की बाइक की टंकी और सीट के नीचे विशेष गुप्त तहखाना तैयार करवाते थे, जिसमें शराब छिपाकर आसानी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाई जाती थी. इससे पुलिस और जांच एजेंसियों को भी चकमा देने की कोशिश की जाती थी.

पांच आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल

पुलिस ने इस मामले में नूर आलम, समीउल्लाह, अरविंद सिंह, रंजन यादव उर्फ नीरज यादव और एक विधि विरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है. सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस छापेमारी अभियान में ढाका एसडीपीओ अभिषेक कुमार, पुलिस निरीक्षक धनंजय कुमार निर्दोष, कुण्डवा चैनपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, चिरैया थानाध्यक्ष अम्बेश कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे.

यह भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण की हर पंचायत में खुलेगा सुधा बिक्री केंद्र, ये लोग कर सकते हैं अप्लाई


विज्ञापन
Rajnikhil Banjriya

लेखक के बारे में

By Rajnikhil Banjriya

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन