कक्षा 9वीं-10वीं के छात्रों के लिए जरूरी खबर, 21 से 23 सितंबर तक होगी अर्द्धवार्षिक परीक्षा
Exam की तैयारी करती छात्राएं (सांकेतिक तस्वीर, AI Generated)
कक्षा 9वीं-10वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 21 सितंबर से शुरू होगी. बिहार बोर्ड ने विषयवार तारीख और समय जारी कर दिया है. परीक्षा के बाद सात दिनों में स्कूलों को रिजल्ट तैयार करना होगा.
बिहार बोर्ड परीक्षा: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है. परीक्षा 21 से 23 सितंबर तक दो पालियों में आयोजित होगी. बोर्ड ने परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने और समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त आरंभिक समय देने का भी निर्देश दिया है.
आपके शहर में
21 सितंबर से शुरू होगी परीक्षा
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, 21 सितंबर को प्रथम पाली में मातृभाषा की परीक्षा होगी. इसमें हिन्दी, बंगला, उर्दू और मैथिली विषय शामिल हैं. परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी.
दूसरी पाली में द्वितीय भारतीय भाषा की परीक्षा होगी. इसमें संस्कृत, हिन्दी, अरबी, फारसी और भोजपुरी विषय शामिल हैं. यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी.
22 सितंबर को विज्ञान और सामाजिक विज्ञान
22 सितंबर को प्रथम पाली में विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसका समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक निर्धारित किया गया है. दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए इसी पाली में संगीत विषय की परीक्षा होगी.
द्वितीय पाली में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी. विद्यार्थी दोपहर 2 बजे से शाम 4:45 बजे तक परीक्षा देंगे.
23 सितंबर को गणित और अंग्रेजी की परीक्षा
परीक्षा के अंतिम दिन यानी 23 सितंबर को प्रथम पाली में गणित की परीक्षा होगी. इसका समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक रखा गया है. दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों के लिए इसी पाली में गृह विज्ञान की परीक्षा होगी.
दूसरी पाली में अंग्रेजी (सामान्य) की परीक्षा होगी. यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी.
हर पाली में 15 मिनट का अतिरिक्त समय
बोर्ड ने सभी पालियों के परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र पढ़ने और उसे समझने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त आरंभिक समय देने का निर्देश दिया है. परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों को इस व्यवस्था की जानकारी देने को कहा गया है.
सात दिनों में तैयार करना होगा रिजल्ट
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानों को परीक्षा समाप्त होने के सात दिनों के भीतर निर्धारित प्रारूप में परिणाम तैयार करने का निर्देश दिया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी को बैठक या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए स्कूल प्रधानों को इस संबंध में निर्देशित करने को कहा गया है.
7 से 15 सितंबर के बीच पहुंचेगा प्रश्न पत्र
परीक्षा से जुड़ी गोपनीय सामग्री और प्रश्न पत्र 7 सितंबर से 15 सितंबर 2026 के बीच जिला मुख्यालयों में चिन्हित वितरण केंद्रों पर पहुंचाए जाएंगे. विद्यालय प्रधानों को परीक्षा शुरू होने से पहले इन्हें प्राप्त करना होगा.
जिन विद्यालयों की मान्यता निलंबित या रद्द है, वहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को जिला शिक्षा पदाधिकारी के स्तर से नजदीकी मान्यता प्राप्त विद्यालय से संबद्ध कर परीक्षा में शामिल कराया जाएगा. डीईओ राज कुमार गिरी ने बताया कि बोर्ड के निर्देश के अनुसार परीक्षा का संचालन कराया जाएगा.
यह भी पढे़ं:
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए